मुख्यपृष्ठनए समाचारऑनलाइन शादी का गोलमाल, ऐंठे गए  ५ लाख रुपए...मैट्रिमोनियल कंपनियों की यूजर...

ऑनलाइन शादी का गोलमाल, ऐंठे गए  ५ लाख रुपए…मैट्रिमोनियल कंपनियों की यूजर वेरिफिकेशन प्रक्रिया संदेह के घेरे में

सुरेश गोलानी / मुंबई

भारत की प्रमुख ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट पर नकली प्रोफाइल के जरिए एक महिला के साथ ५.५२ लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। काशीगांव पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ३६ वर्षीय पीड़िता एक प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में सहायक मैनेजर के पद पर कार्यरत है। अपना जीवनसाथी तलाश रही पीड़िता ने भारत की प्रमुख ऑनलाइन वैवाहिक वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने पीड़िता को रिक्वेस्ट भेजा जिसमें उसने अपना परिचय साहिल जोशी (बदला हुआ नाम) के रूप में दिया।
जोशी ने कथित तौर पर खुद को पुणे स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में टेक्निकल असिस्टेंट के पद कार्यरत बताया और पीड़िता से शादी करने की इच्छा जताई। धीरे-धीरे पीड़ित महिला का भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने भविष्य में साथ रहने और संपत्ति खरीदने का हवाला देकर उधार के पैसों की मांग शुरू कर दी। आरोपी के झूठे रुतबे और चिकनी-चुपड़ी बातों ने पीड़ित महिला को एक स्थिर भविष्य की संभावना आश्वस्त करने वाली प्रतीत हुई और उसने कुल १० लाख ५२ हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी पीड़ित महिला को जानबूझकर टालने लगा। महिला ने अपने पैसे वापस मांगे और बार-बार तकाजा करने के बाद आरोपी ने ५ लाख रुपये लौटाए और फिर संपर्क से बाहर हो गया। महिला को जानकारी मिली कि आरोपी ने स्वप्निल जोशी के नाम से मैट्रिमोनियल साइट पर अपना फर्जी प्रोफाइल बनाया था। महिला द्वारा शिकायत करने पर काशीगांव पुलिस ने ठग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट), २००० की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने ऑनलाइन मैट्रिमोनियल कंपनियों द्वारा उपयोगकर्ता सत्यापन (यूजर वेरिफिकेशन) में बरती जा रही लापरवाहियों को फिर एक बार उजागर कर दिया है, जिसके कारण दूल्हा या दुल्हन बनने की इच्छा रखने वाले का भविष्य खतरे में है।

अन्य समाचार