मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : ROKO को १२१ करोड़ SK को १३१ करोड़

आउट ऑफ पवेलियन : ROKO को १२१ करोड़ SK को १३१ करोड़

अमिताभ श्रीवास्तव

रोको यानि रोहित शर्मा और विराट कोहली की विश्वविजेता टीम को बीसीसीआई ने १२१ करोड़ का इनाम दिया था, मगर इस बार एसके यानि सूर्यकुमार यादव की टीम को १३१ करोड़ दिया जाएगा। यह है बोर्ड का छप्पर फाड़ पुरस्कार। जी हां, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस बार टीम इंडिया को टी२० वर्ल्ड कप जीतने पर १३१ करोड़ रुपए देने का एलान किया है, जो पिछले टी२० वर्ल्ड कप के मुकाबले ६ करोड़ रुपए ज्यादा है इससे पहले २०२४ में टी२० वर्ल्ड कप जीतने पर रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम को १२५ करोड़ रुपए की इनामी राशि दी गई थी। अब केवल इस एकमात्र इनामी राशि को यदि पाकिस्तान बोर्ड देख ले तो उसे सात जन्म नींद न आए। बीसीसीआई द्वारा दी जाने वाली यह राशि अब तक के इतिहास की सबसे बड़ी राशि है। जो किसी भी फार्मेट के विजेता को नहीं मिली। इतनी राशि से पाकिस्तान का बोर्ड सालों के राशन पानी का इंतजाम कर सकता है जो बीसीसीआई अपनी टीम को मात्र उपहार में दे रहा है। यह अंतर है भारत और पाकिस्तान क्रिकेट में। पाकिस्तान ने विश्वकप की शुरुआत से माहौल खराब करने की साजिशें रचीं और उसने चाहा कि टीम इंडिया का किसी भी तरह नुकसान हो। पर ऐसा नहीं हुआ और ऊपर से टीम इंडिया विश्व विजेता भी बनी।
आखिर शादी की तारिख तय
पुरस्कारों, उपहारों के बाद अब एक टली हुई शादी होने वाली है। यह शादी कुलदीप यादव की है। विश्वकप टीम के हिस्सा रहे तथा पाकिस्तान के खिलाफ टीम को जीत दिलवाने वाले कुलदीप यादव अब इत्मीनान से शादी कर रहे हैं। जी हां, भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही अपनी नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं। कुलदीप १४ मार्च २०२६ को वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी समारोह उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी के एक लग्जरी रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। इस खास मौके पर दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा मेहमान ही शामिल होंगे। विवाह से एक दिन पहले यानी १३ मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी। इन पारंपरिक कार्यक्रमों में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में जश्न का माहौल रहेगा। कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई ४ जून २०२५ को लखनऊ के एक होटल में हुई थी। शुरुआत में दोनों की शादी नवंबर २०२५ में तय की गई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त क्रिकेट वैâलेंडर और टी२० वर्ल्ड कप में कुलदीप के चयन होने के चलते शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई थी। कुलदीप यादव के पिता राम सिंह यादव ने ८ मार्च (रविवार) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। शादी के बाद १७ मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)

अन्य समाचार