अमिताभ श्रीवास्तव
आर्चर के पास वैभव का सीक्रेट
इंग्लैंड के गेंदबाज आर्चर के पास वैभव सूर्यवंशी का एक सीक्रेट है। जी हां, जहां वैभव बड़े-बड़े दिग्गज गेंदबाजों को छक्के पर छक्का लगा कर हैरान कर रहे हैं वहीं जोफ्रा आर्चर के पास उन्हें आउट करने का सीक्रेट है। अब यह सीक्रेट वो आईपीएल के बाद बताएंगे। अभी नहीं। क्यों? क्योंकि अभी वो दोनों खिलाड़ी एक ही टीम के लिए खेल रहे हैं। ऐसे में वो नहीं चाहते कि विरोधी टीम उस रहस्य को जान ले। दरअसल, पिछले मैच के खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जोफ्रा आर्चर से वो सवाल पूछा गया जो इस समय दुनिया के हर क्रिकेट कप्तान और गेंदबाज के दिमाग में घूम रहा है, ‘आखिर वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी कहां की जाए कि उन्हें आउट किया जा सके?’ इस सवाल पर आर्चर के चेहरे पर एक बड़ी सी मुस्कान तैर गई, लेकिन उन्होंने अपनी ही टीम के इस सिक्सर किंग का सीक्रेट खोलने से साफ मना कर दिया। आर्चर ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘मैं आपको इसका जवाब इस आईपीएल सीजन के खत्म होने के बाद दूंगा।’ आर्चर का यह मजेदार और रहस्यमयी जवाब यह साफ दिखाता है कि वैभव की बल्लेबाजी का तोड़ फिलहाल किसी भी गेंदबाज के पास नहीं है, और राजस्थान रॉयल्स इस खुफिया रणनीति को टूर्नामेंट के अंत तक छिपाकर रखना चाहती है।
वह दर्द से
चिल्ला उठी
टेनिस का फ्रेंच ओपन चल रहा है, जिसे जीतना हर खिलाड़ी के लिए एक सपना होता है। ऐसे में यदि कोई चोटिल हो जाए तो उसके दर्द को समझना कठिन है और वह भी तब जब बीच मैच में चोटिल हो जाए। जी हां, अमेरिकी टेनिस स्टार हैली बैप्टिस्ट एक मैच के बीच में भयानक चोट लगने के बाद फ्रेंच ओपन से बाहर हो गई। चोट ऐसी थी कि वो कोर्ट में ही दर्द से बिलख रही थी। दुनिया की २६ वीं रैंक की हैली बैप्टिस्ट चीन की वांग शियू के खिलाफ खेल रही थी। वो एक शॉट मारने को हुई कि बैलेंस बिगड़ा और उसका पैर मुड़ गया। वह बैकफुट से इनसाइड-आउट फोरहैंड मार रही थी कि ये घटना घट गई। २४ वर्षीय हैली जमीन पर गिर गई और तुरंत अपने जोड़ को पकड़ने के लिए दर्द से चिल्लाने लगी। वह रो रही थी। डॉक्टर तुरंत दौड़े। वॉशिंगटन डीसी की मूल निवासी हैली के पिता कासिम भी उसे सांत्वना देने के लिए कोर्ट में कूद पड़े। इस चोट के बाद हैली बैप्टिस्ट को मैच छोड़ देने पर मजबूर होना पड़ा। हालांकि शियू ५-४ से आगे थी। अब वह तीसरे दौर के लिए क्वालीफाई करेंगी, जहां वह यूक्रेन की यूलिया स्टारोडुब्त्सेवा से भिड़ेंगी।
