मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : क्रिकेटर बन गया ड्रग स्मगलर

आउट ऑफ पवेलियन : क्रिकेटर बन गया ड्रग स्मगलर

अमिताभ श्रीवास्तव

एक समय वह बल्लेबाजों के लिए दहशत का नाम था, मगर ऐसा क्या हुआ कि क्रिकेट छोड़ कर वह ड्रग स्मगलर बन गया? यह कहानी है इंग्लैंड के एक तेज गेंदबाज की, जिसने साल १९९० में इंग्लैंड क्रिकेट टीम में एंट्री की थी और उसकी तुलना इंग्लैंड के महान इयान बॉथम से की जाने लगी थी। मगर वह रास्ता भटका और करियर तबाह कर लिया। क्रिस लुईस, जिसकी कहानी क्रिकेट के मैदान से शुरू होकर जेल की सलाखों के पीछे के अंधेरे तक जाती है। गुयाना में जन्मे क्रिस लुईस ने इंग्लैंड के लिए अपना डेब्यू १९९० में किया था। वे एक ऐसे खिलाड़ी थे, जिनमें गेंद को स्विंग कराने की अद्भुत क्षमता थी और वे निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे। वह इंग्लैंड के लिए ३२ टेस्ट और ५३ वनडे मैच खेले। टेस्ट करियर में उन्होंने ९३ विकेट लिए और ११७५ रन बनाए, जिसमें १९९१ में श्रीलंका के खिलाफ लगाया गया एक शानदार शतक भी शामिल था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद लुईस की आर्थिक स्थिति बिगड़ने लगी। उन्होंने कई बिजनेस करने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। २००८ तक आते-आते वे गहरे आर्थिक संकट में फंस चुके थे। इसी दौरान पैसे के लालच में उन्होंने एक आत्मघाती कदम उठाया। दिसंबर २००८ में लुईस सेंट लूसिया से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे पर लौटे। कस्टम अधिकारियों को उनके सामान पर संदेह हुआ। जब उनके क्रिकेट बैग की तलाशी ली गई तो उसमें फलों के रस के डिब्बों में छिपाई गई तरल कोकीन मिली। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग १४०,००० पाउंड थी। ड्रग तस्करी में पकड़े जाने के बाद क्रिस लुईस को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और १३ साल की जेल की सजा सुनाई गई। आज वह रिहा हो गया है, मगर अपनी कहानी से नए क्रिकेटरों को सावधान रहने की सलाह देता है।
अय्यर संग क्यों नाची धनश्री?
धनश्री एकबार फिर चर्चा में हैं। चहल की पत्नी रही धनश्री अच्छी डांसर हैं, यह सब जानते हैं। श्रेयस अय्यर संग उनका डांस न केवल वायरल हुआ था, बल्कि अफवाहों का बाजार भी गरम था कि धनश्री और श्रेयस के बीच कोई चक्कर तो नहीं है। हालांकि, ये चर्चा बस एक अफवाह निकली। चहल से अलग होने के बाद तो धनश्री लगभग गायब हो गई थीं। न कहीं दिखना और न ही कोई चर्चा। अब एकबार फिर वो चर्चा में हैं तो अय्यर को लेकर ही। अय्यर के साथ नाचने को लेकर ही, पर रुकिए इस बार श्रेयस अय्यर नहीं, बल्कि श्रेयस की बहन श्रेष्ठा अय्यर के साथ उनका डांस वायरल हो रहा है। ड्रिप टू हार्ड गाने पर दोनों का डांस धनश्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। यह इतना आकर्षक डांस है कि नजर नहीं हटती। दोनों ने गाने की कोई बीट मिस नहीं की। यह डांस जैसे ही पोस्ट हुआ इंस्टा पर तो उनके फॉलोअर्स ने कमेंट करना शुरू कर दिया और श्रेयस संग एकबार फिर धनश्री को जोड़ा जाने लगा। कुछ लोग तो ननद-भाभी की जोड़ी तक बोल रहे हैं। डेटिंग रुमर्स तो है ही और इस बीच बहन श्रेष्ठा संग डांस करना शक के बीज बो देता है। वैसे भी श्रेयस और धनश्री दोनों दोस्त रहे हैं। चहल से तलाक के बाद धनश्री इस डांस के कारण अधिक चर्चा में आ गई हैं, यानी एकबार फिर धन श्री का धमाका है।

अन्य समाचार