अमिताभ श्रीवास्तव
यह होता है जज्बा। अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए कदम थमने नहीं चाहिए। चाहे जीतें या न जीतें, मगर मंजिल पर पहुंचने का जो जज्बा होता है, वो कोई चार बार की ओलंपियन एलिश मैककोलगन से सीखे। जिसका पांव फट गया, जूते के बाहर खून रिसने लगा मगर वो रुकी नहीं, दौड़ती रहीं। जी हां, बात लंदन मैराथन दौड़ की है, जिसमें उन्होंने सातवां स्थान हासिल किया। ३५ वर्षीया इस धाविका ने २:२४:५१ का समय दर्ज किया, लेकिन दौड़ के आधे रास्ते के ठीक बाद ही उसे एक भयानक चोट लगी। मैककोलगन ने पिछले साल ही अपना लंबे समय से प्रतीक्षित मैराथन डेब्यू किया था, जहां उन्होंने लंदन मैराथन में २:२४:२५ के समय के साथ ८वां स्थान प्राप्त किया और शीर्ष ब्रिटिश फिनिशर बनीं थीं। हालांकि, वे२६ सेकंड धीमी थीं, इस साल वे एक कदम और आगे बढ़ीं और सातवां स्थान हासिल किया। स्कॉट निश्चित रूप से सोच रही होंगी कि अगर चोट ने उन्हें रोका नहीं होता तो उन्होंने क्या हासिल किया होता। दौड़ के बाद मैककोलगन ने बताया कि चोट वैâसे हुई? उन्होंने कहा, ‘आधा रास्ता पूरा होने के ठीक बाद मेरे पैर में बहुत बड़ा छाला हो गया। इसे कहते हुए अजीब लगता है, लेकिन मैं इसे केवल इस तरह कह सकती हूं कि मुझे ऐसा लगा, जैसे मेरा पैर बस फट गया।’ धाविका के जूते से बाहर तक खून निकलने लगा था, मगर वह रुकी नहीं और अपनी दौड़ पूरी कीं।
हीरोइन के झांसे
में कैसे फंसा एनआरआई?
खूबसूरती किसी को भी झांसे में डाल देती है और जब बात किसी हीरोइन की हो तो मामला गंभीर हो जाता है। अब देखिए न इन दिनों तेलुगू एक्ट्रेस आशु रेड्डी की चर्चा खूब है। उसे बिग बॉस तेलुगू से पहचान मिली थी। शायद इसी पहचान की बदौलत वो झांसे वाली रानी बन गई। हाल ही में उस पर आरोप लगे हैं कि उसने एक एनआरआई शख्स को शादी का झांसा देकर लाखों का चूना लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चर्चा है कि आशु रेड्डी के खिलाफ हैदराबाद सेंट्रल क्राइम स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। एक्ट्रेस पर करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। एक्ट्रेस आशु रेड्डी पर ९.३५ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला है। सत्यनारायण नाम के शख्स की शिकायत के मुताबिक, उनका बेटा लंदन में रहता है। एक्ट्रेस आशु से उस शख्स की मुलाकात साल २०१८ में हुई थी। धीरे-धीरे ये जान-पहचान प्यार में बदल गई और एक्ट्रेस ने शख्स से शादी का वादा भी किया था। अब परिवार के मुताबिक, वो अपने वादे से मुकर गई हैं। व्यक्ति के पिता ने एक्ट्रेस पर शादी का झांसा देकर उन्हें गुमराह करने और करोड़ों के गिफ्ट लेने का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत के मुताबिक, उनके बेटे ने एक्ट्रेस के लिए कई लग्जरी गाड़ियां, कई फ्लैट्स और ५ किलो सोना खरीदा था।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
