अमिताभ श्रीवास्तव
-इंटरनेट पर तुलना करें तो इस यूट्यूबर के एंथम के सामने बड़े-बड़े सिंगर्स भी फेल नजर आ रहे हैं।
-हैरान करने वाली बात यह है कि तीनों ने इस ११ मिनट की लाइव परफॉर्मेंस के लिए एक भी पैसा चार्ज नहीं किया है।
-फीफा में फ्री परफॉर्मेंस का राज
बस अब फुटबॉल विश्वकप शुरू होने को है। फीफा इसका आयोजक है और इसमें होते है अरबों-खरबों के वारे-न्यारे। यहां एक क्षण भी कोई कुछ करता है उसका पैसा है। और जब बात आती है बड़े स्टारों के बड़े परफॉमेंस की तो समझा जा सकता है कि वो कितने करोड़ ले सकते हैं। और यदि यह बताया जाए कि वो फ्री में अपना प्रदर्शन करेंगे तो? असंभव लगेगा न। मगर ऐसा पहली बार हो रहा है कि अलग-अलग जनरेशन के तीन बड़े ग्लोबल सिंगर्स शकीरा, मैडोना और बीटीएस ग्रुप को एक ही मंच पर होंगे और यह देखना फैंस के लिए किसी सपने से कम नहीं है। इन तीनों को किसी इवेंट में साथ लाने के लिए ऑर्गेनाइजर्स को अपनी जेब काफी ढीली करनी पड़ती और करोड़ों-अरबों का खर्च आता। आखिर क्यों इन सिंगर्स ने अपनी भारी-भरकम फीस छोड़ दी है? ९ मशहूर बैंड ‘कोल्डप्ले’ के क्रिस मार्टिन द्वारा तैयार और ‘ग्लोबल सिटिजन’ द्वारा प्रोड्यूस किए जा रहे इस इवेंट के ‘हाफ-टाइम शो’ में मैडोना, शकीरा और साउथ कोरियन बॉयबैंड बीटीएस परफॉर्म करने वाले हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि तीनों ने ही इस ११ मिनट की लाइव परफॉर्मेंस के लिए एक भी पैसा चार्ज नहीं किया है। दरअसल, उनकी परफॉर्मेंस से इकट्ठा होने वाला पैसा ‘फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड’ के जरिए दुनियाभर में बच्चों की शिक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इस बार इस फंड का मकसद १०० मिलियन डॉलर जुटाने का है। तो यह है वो राज।
-यूट्यूबर का एंथम बना सिंघम
हां, यह सच है कि एक यूट्यूबर का एंथम सिंघम बन गया है, क्योंकि उसने दुनियाभर के बड़े और दिग्गज स्टार्स को पछाड़कर भूचाल ला दिया है। न शकीरा, न बर्न बॉय, न जेली रोल, न डैडी यांकी, न फ्यूचर और न ही टाइला, इस एंथम में ऐसे कोई नाम नहीं है, जबकि इन्हें एक २१ साल के यूट्यूबर ने पछाड़ दिया है। इंटरनेट पर तुलना करें तो इस यूट्यूबर के एंथम के सामने बड़े-बड़े सिंगर्स भी फेल नजर आ रहे हैं। फैंस को इस २१ साल के यूट्यूबर का एंथम खूब पसंद आ रहा है। यूट्यूबर ‘स्पीड’ ने बिना किसी आधिकारिक मंजूरी के फीफा वर्ल्ड कप का एक अनऑफिशियल गाना रिलीज कर दिया है। इसने इंटरनेट पर भूचाल मचा दिया है। फुटबॉल फैंस इसी को वर्ल्ड कप का असली एंथम मानने लग गए हैं। खास बात है कि इस एंथम को स्पीड ने सभी ४८ देशों के नाम को रखकर तैयार किया है। यही वजह है कि ये एंथम दुनिया के हर कोने में बैठे फुटबॉल प्रेमी को ये रास आ रहा है। इस एंथम का नाम ‘चैंपियंस’ रखा है। ये एंथम तक इतने लोगों के पहुंचने का अंदाजा व्यूज से लगाया जा सकता है। रिलीज होने के महज २ घंटे बाद ही इस एंथम को ५ लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। और अब तो संख्या करोड़ों तक जा पहुंची है।
