नालासोपारा मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने ली महर्षि चरक शपथ

सामना संवाददाता / भायंदर

श्री नरसिंह के दुबे चॅरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित नालासोपारा आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज द्वारा आज लता मंगेशकर नाट्यगृह, मीरा रोड में बीएएमएस के 2018 में प्रवेशित बॅच के लिए “टोकन ऑफ ग्रैटिट्यूड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया l कार्यक्रम की शुरुवात भगवान धन्वंतरी की पूजन और स्तवन से हुई l पश्चात सभी विद्यार्थियों को डॉ. सर्वेश शर्मा द्वारा चिकित्सा के प्रणेता महर्षि चरक शपथ ग्रहण का कार्यक्रम किया गयाl संस्था की विश्वस्त एवं स्त्रीरोग प्रसुती तंत्र विभाग प्रमुख डॉ. ऋजुता ओमप्रकाश दुबे ने कार्यक्रम का प्रास्ताविक किया और इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की शैक्षणिक यात्रा के दौरान उनकी कड़ी मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करना और उन्हें पहचान देना है, ऐसा बतायाl
संस्था के अध्यक्ष जयप्रकाश दुबे, संस्था के सचिव एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. ओमप्रकाश दुबे एवं प्रमुख अतिथि नवभारत टाइम्स मुंबई के संपादक कॅप्टन सुंदरचंद ठाकुर ने सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं चरक शपथ की प्रति देकर सम्मानित किया l
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॅप्टन सुंदरचंद ठाकुर ने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन का महत्व बताते हुए भविष्य में किस तरह से प्रगति की जा सकती है, उसके बारे मे बहुत सारी बातें उदाहरण देकर स्पष्ट करते हुए बताते हुए उनका हौंसला बढा़याl सुबह कम से कम 11 मिनिट तक प्राणायाम और ध्यान करने की सलाह उन्होंने दी, जिससे सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. हेमलता शेंडे, सभी अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थेl कार्यक्रम का सूत्रसंचालन राजेश्वरी मुस्तरिया एवं अक्सा शेख इन विद्यार्थियों ने कियाl डॉ. शरद कुमार मौर्य एवं डॉ. मानसी ब्रीद इन्होंने कार्यक्रम का संचालन करते हुए अंत मे सभी का आभार व्यक्त कियाl

जौनपुर में अपराधियों पर लगाम लगाने में प्रशासन नाकाम-महेंद्र यादव

सामना संवाददाता / जौनपुर

जनपद में आए दिन अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। अपराधियों पर लगाम लगाने में प्रशासन पूरी तरह से विफल है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव के घर सदिच्छा भेंट करने आए समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष तथा बदलापुर विधानसभा प्रभारी महेंद्र यादव ने हमारे संवाददाता से की गई बातचीत में उपरोक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि योगीराज में भ्रष्टाचार महंगाई और बेरोजगारी चरम सीमा पर है। हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाया जा रहा है। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष राम जतन यादव, विधान सभा महासचिव अशोक निषाद, सेक्टर प्रभारी इंद्र पाल यादव, अजय यादव, ब्रह्मदेव यादव, अच्छेलाल यादव, राजेंद्र यादव, पूर्व प्रधान संजय यादव स्वतंत्र यादव, भोला प्रजापति, दीपू यादव, संगम यादव, आनंद, विनोद आदि अनेक लोग उपस्थित रहे।

अनिल गलगली ने किया नागौरी डेअरी का उद्घाटन

सामना संवाददाता / मुंबई

कुर्ला-पश्चिम स्थित हलाव पुल के पास नागौरी डेअरी का उद्घाटन आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर विविध सामाजिक, राजनैतिक आणि पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़ी़ प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम में आयोजक कमलेश गुप्ता और साजिद खान ने सभी का गर्म जोशी से स्वागत किया। इस मौके पर एनसीपी नेता कप्तान मलिक, बाबू बत्तेली, संदीप गुप्ता, राजकुमार विश्वकर्मा, राजहंस मौर्या, हरीश गुजेटी, अशोक तिवारी, रियाज मुल्ला, शिवाजी लोंढे, रत्नाकर शेट्टी, अजीज खान, मोहसिन शेख उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में इस पहल की सराहना की।

शेमारू से रिलीज हुआ संगीत मासूम का सोलो सॉन्ग ब्रेक अप पार्टी

सामना संवाददाता / मुंबई

बॉलीवुड के चमकते सितारे संगीत मासूम का बहुचर्चित सोलो गीत ब्रेक अप पार्टी शेमारू कंपनी से रिलीज हो गया है। इस वीडियो सॉन्ग के मुख्य सितारे हैं संगीत मासूम और अम्बिका दीवान बिष्ट। निर्देशन किया है आजाद हुसैन ने। निर्माता एवं गीतकार मुकेश कुमार मासूम हैं। निर्देशक आजाद हुसैन के अलावा डांस डायरेक्टर तीरथ निषाद, डीओपी मिस्टर अली, मेक अप शिवम पांडे व स्पॉट दादा हैं मुरली। इसके संगीतकार हर्ष बोस व अमन श्लोक हैं। नाजिम अली ने इसे अपनी सुरीली आवाज से गाया है। मासूम फिल्म कंपनी का यह गीत बहुत ही कर्णप्रिय बन पडा़ है। यह हर उम्र के लोगों को पसंद आएगा। बता दें कि संगीत मासूम एक होनहार कलाकार है। उन्होंने सरोज खान से डांस सीखा था और रोशन तनेजा एक्टिंग एकेडमी से अभिनय का चार महीने का डिप्लोमा किया है। फिल्म निर्माता और गीतकार मुकेश मासूम ने कहा है कि यह गीत सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। निर्देशक आजाद हुसैन ने आशा व्यक्त की कि संगीत मासूम अपनी अभिनय प्रतिभा से बॉलीवुड में अलग और विशिष्ट पहचान बनाएगा। नरेश सिंह के मुताबिक यह गीत शेमारू कम्पनी से रिलीज हो गया है। लोगों को‌ गीत-संगीत खूब पसंद आ रहा है। सुप्रसिद्ध संगीतकार राजा रफीक ने इस गीत को लाजवाब बताया है।
फिल्म अभिनेत्री सिरीन ने संगीत के डांस की सराहना की है। दयानतपुर निवासी ठाकुर धीरज कुमार सिंह (प्रसिद्ध समाजसेवी व व्यवसायी) ने इस गीत की सराहना करते हुए कहा कि बहुत शानदार गीत है। उम्मीद है कि संगीत अपनी प्रतिभा की खुश्बू से गांव का नाम रोशन करेगा। एडवोकेट राकेश कुमार (रिटायर्ड एयरफोर्स व सम्मानित समाजसेवी) ने गीत-संगीत की सराहना की है। बी. के. पाराशर, डॉ. श्याम बाबू, सहारा समय के पत्रकार इनामुल हक फारुकी, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार शिवपूजन पांडेय, सैकडों सफल फिल्मों के लेखक आदेश के. अर्जुन सहित देश भर के गणमान्य लोगों ने इस गीत को सराहा है।

योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर मुंबई शहर के कुर्ला-पश्चिम में उपहार वितरण कार्यक्रम

सामना संवाददाता / मुंबई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर कुर्ला-पश्चिम स्थित संत गाडगे महाराज वसतिगृह में एक सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जरूरतमंद छात्रों को उपहार एवं उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। उक्त कार्यक्रम का आयोजन मुंबई भाजपा के प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को प्रेरणास्त्रोत बताते हुए इस उपक्रम को जन्मदिन का सार्थक उत्सव बताया।
इस अवसर पर आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, पवन सिंह एवं अन्य मान्यवर, सामाजिक कार्यकर्ता तथा नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क, संवाद व सेवा भावना का माहौल देखने को मिला।

अयोध्या में जमीनी विवाद में हुए डबल मर्डर से दहशत बढ़ी…तीन दिन पहले भी जमीनी विवाद में युवक के छह टुकड़े कर हुई थी हत्या!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

जमीनी विवाद में गुरुवार की रात अयोध्या में मां-बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। छोटे बेटे और बहू की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हत्या के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए सात आरोपियों को हिरासत में लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। खंडासा थाना क्षेत्र के महुआ पूरे फौजदार गांव में तेरहवीं कार्यक्रम में दोनों पक्षों में कहासुनी थी। बताया गया कि प्रेम कुमार और गांव के ही सोनू के बीच जमीन का विवाद चल रहा था। नायब तहसीलदार अमानीगंज के यहां मुकदमा भी चल रहा है। गुरुवार रात पड़ोस में तेरहवीं कार्यक्रम था।
इसमें प्रेम के भाई कालू और दूसरे पक्ष के लोगों की बीच कहासुनी हो गई। गांव लौटने के बाद रात करीब 10 बजे दोबारा गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी समय पहले से घात लगाए बैठे छह से अधिक हमलावरों ने प्रेम कुमार पर सरिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। घरवालों ने देखा तो मां, भाई और भाभी उसे बचाने के लिए दौड़े। इस पर हमलावर सभी पर टूट पड़े। मारपीट में मां-बेटे की मौत हो गई। छोटे बेटे और भाभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उसमें से सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है शेष की गिरफ्तारी की जा रही है।
बता दें कि तीन दिन पहले भी जमीन विवाद को लेकर अयोध्या के बीकापुर थाना क्षेत्र में बीएसएफ में फिजिकल और मेडिकल पास कर चुके युवक की छह टुकड़ों में काट कर हत्या कर दी गयी थी। जानकारों का कहना है कि जैसे-जैसे अयोध्या की जमीनें मंहगी हो रही हैं, जानलेवा बनती जा रही हैं।

मासूम बच्ची से हैवानियत करने वाला पुलिस मुठभेड़ में ढेर!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

आधी रात को मासूम दिव्यांग बच्ची को उठा कर दुराचार करने वाले हैवान को राजधानी पुलिस ने मार गिराया। डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पांच जून की सुबह 10 बजे शिकायत मिली थी कि ढाई वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। घटना आलमबाग इलाके की थी। यहां तीन साल की दिव्यांग बच्ची अपने माता-पिता के साथ रहती थी। आरोपी ने रात में उसे अगवा कर लिया। आलमबाग मेट्रो स्टेशन के पास बच्ची से दरिंदगी हुई है। इसके बाद हैवानियत की सभी हदें पार कर दी थीं। बच्ची नाजुक हालत में पड़ी मिली थी। उसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान दीपक वर्मा के रूप में हुई। पुलिस कमिश्नर को एक लाख रुपये का इनाम घोषित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इनाम घोषित होने से पहले मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में है। वह भागने की फिराक में है।
शुक्रवार की तड़के पुलिस ने ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया। जिले की सीमा छोड़ता, इससे पहले उसका सामना पुलिस से हुआ। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग झोंकनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि आरोपी ऐशबाग क्षेत्र का रहने वाला है। वह रेलवे में पानी में बेचने का काम करता है। इसके साथ ही जागरण आदि कार्यक्रमों में झांकी लगाने का भी काम करता है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस महकमे में डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव की धमक शख्त और दबंग की है। रिटायर्ड डीजीपी प्रशांत कुमार के जाने के बाद यूपी में अपराधी खुद को काउंटर से मुक्त मान कर मस्त हो रहे थे। राजधानी में अपराधियों पर न सिर्फ नकेल कस रहे हैं बल्कि उनके सिर पर दहशत बन कर नाच रहे हैं। पिछले सप्ताह इन्हीं के क्षेत्र में एक महिला दरोगा ने 5 वर्ष के बच्ची से दुराचार के आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया था। लंगड़े हालत में उसका भी इलाज चल रहा है।

राहुल गांधी ने पार्वत पुरुष दशरथ मांझी की प्रतिमा पर उनके परिवार संग किया माल्यार्पण

अनिल मिश्र / गयाजी

अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज देश के सजग, साहसी, संघर्षशील, लोकप्रिय, जनप्रिय नेता, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस पार्टी के सर्वमान्य नेता, इंडिया गठबंधन के नायक राहुल गांधी आज राजगीर एवं गया में अतिपिछड़ा एवं महिलाओं से सीधा संवाद कार्यक्रम के दौरान राजगीर जाने के क्रम में पर्वत स्व. दशरथ मांझी के आदम कद प्रतिमा पर उनके पुत्र भगीरथ मांझी के साथ उनके संपूर्ण परिवारों के साथ माल्यार्पण किया, उनके परिजनों से मुलाकात एवं बातचीत किए, उनके साथ बिहार प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश कुमार एवं सी एल पी लीडर शकील अहमद खान भी थे।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कॉंग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, अतरी प्रखंड कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार बीरू, राम प्रमोद सिंह, दामोदर गोस्वामी, प्रद्युम्न दुबे, शिव कुमार चौरसिया, सुनील कुमार सिन्हा आदि ने कहा कि राहुल गांधी के राजगीर, गेहलोर, गया को विभिन्न संविधान सुरक्षा सम्मेलन एवं अतिपिछड़ा एवं महिलाओं से सीधा संवाद से बिहार के अति पिछड़ा एवं महिलाओं में नई ऊर्जा एवं नया संदेश देगी।

झारखंड के हजारीबाग सदर अस्पताल में प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला

-ऑपरेशन थिएटर का परिजन थपथपाते रहे दरवाजा, लेकिन कान पर जूं नहीं रेंगी

अनिल मिश्र / रांची

झारखंड प्रदेश के हजारीबाग जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश में सामने आई है। जहां प्रसव पीड़ा से तड़पती एक महिला को घंटों तक ऑपरेशन थिएटर के बाहर इंतजार करना पड़ा, प्रसव पीड़ा से तड़पती इस महिला के परिजन ऑपरेशन थिएटर का दरवाजा पिटते रहे, लेकिन ऑपरेशन थिएटर में बैठे डाॅक्टर या कोई कर्मचारी दरवाजा नहीं खोला। इस दौरान महिला और उसके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल गुरुवार और बुधवार को मिली देर रात एक गर्भवती महिला को गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया । जिस पर परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर और नर्सों को बुलाने के बावजूद ऑपरेशन थिएटर का दरवाजा नहीं खोला गया और न ही महिला को तत्काल कोई चिकित्सकीय सहायता प्रदान किया गया। इस बीच सदर अस्पताल के बरामदे में महिला लगातार प्रसव पीड़ा से कराहती रही और अस्पताल प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ रहा। इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान अभी तक जारी नहीं किया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और हजारीबाग के उपायुक्त से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है।

सुल्तानपुर के यूट्यूब चैनल पत्रकार को ‘अंडरवर्ल्ड’ से धमकी

-लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर अमेरिकी नंबर से आया व्हॉट्सऐप कॉल

-शुरुआती जांच के बाद एफआईआर दर्ज

विक्रम सिंह / सुल्तानपुर

यूपी में अयोध्या के पड़ोसी सुल्तानपुर जिले के एक यूट्यूब चैनल पत्रकार को अंडरवर्ल्ड डॉन ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी अमेरिका के नंबर से व्हॉट्सऐप कॉल और धमकी भरे मैसेज के जरिए दी गई है, जिसके बाद सुल्तानपुर नगर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। शहर कोतवाल धीरज कुमार के मुताबिक, एफआईआर दर्ज कर ली गई है और साइबर विशेषज्ञों की मदद से कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
पत्रकार निसार अहमद के अनुसार, मंगलवार को शहर के एक कार्यक्रम में शामिल रहते वक्त उनके मोबाइल पर अमेरिका के नंबर +1 (612) 643-8440 से व्हॉट्सऐप कॉल आई। कॉल के बाद बुधवार सुबह उन्हें धमकी भरा मैसेज भी भेजा गया, जिसमें लिखा था,“पता चल जाएगा आपको, बहुत अच्छा किए हो”। धमकी देने वाले ने स्पष्ट रूप से खबर चलाने को लेकर नाराजगी जताई और जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना मिलते ही जिले के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। पत्रकारों ने एसपी कुंवर अनुपम सिंह से मिलकर सुरक्षा की मांग की। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है, लेकिन इस घटना ने जिले में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।