राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम तट पर जल सत्याग्रह करने वाले ‘किसान नेता’ का पर्दाफाश करते हुए प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने भू-माफिया अनुज सिंह के साम्राज्य पर बुल्डोजर चलाना शुरू कर दिया। प्रयागराज में भारतीय किसान यूनियन (युवा) के चोले में छिपे बड़े भू-माफिया अनुज सिंह और उसके सिंडिकेट के खिलाफ प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है।
– ढोंग के पीछे छिपा था अपराध का साम्राज्य अनुज सिंह ने कुछ दिन पहले ही किसानों और मजदूरों की बुनियादी समस्याओं के नाम पर संगम तट पर ‘जल सत्याग्रह’ शुरू किया था।
फाइलें खुलीं
आंदोलन के बीच ही प्रयागराज प्रशासन ने उसकी फाइलों को खंगाला तो पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस और प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक अनुज सिंह के खिलाफ भूमि कब्जाने और रंगदारी जैसे एक दर्जन से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कहां-कहां गरजा पीडीए का बुल्डोजर?
पीडीए ने भारी पुलिस बल के साथ अनुज सिंह और उसके गुर्गों द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह से नेस्तनाबूद (ध्वस्त) कर दिया है। प्रयागराज के असरावेकलां में अनुज सिंह, शिवांश श्रीवास्तव और रूपेश द्विवेदी द्वारा 15 से 20 बीघे में की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुल्डोजर चला। रावतपुर इलाका में अनुज सिंह द्वारा 7 बीघे में की जा रही अवैध कॉलोनी को जमींदोज किया गया।असरावेकलां में ही अनुज सिंह और मधुकर मिश्रा द्वारा करीब 8 बीघे में काटी जा रही अवैध प्लॉटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि फर्जी किसान नेता बनकर अवैध धंधा करने वाले इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई अभी थमेगी नहीं, बल्कि इनके अन्य अवैध निर्माणों को भी जल्द ही मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
