सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित इस्तेमाल करने की अपील पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने तीखा हमला बोला है। महुआ मोइत्रा ने सरकार पर जिम्मेदारी जनता पर डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है।
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नागरिकों से विदेश यात्रा कम करने, सोना न खरीदने, तेल और र्इंधन की खपत घटाने की बात कर रहे हैं, जबकि सरकार पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा से बच रही है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के काफिले में १०० गाड़ियां चलती हैं और बीजेपी के हर चुनाव प्रचार में दर्जनों हेलिकॉप्टर इस्तेमाल होते हैं। महुआ ने कहा कि सरकार विफल रही है, अब जिम्मेदारी जनता पर मत डालिए। तेलंगाना में करीब ९,४०० करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान रविवार को हैदराबाद में पीएम मोदी ने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल जरूरत के हिसाब से करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के असर को कम करने में मदद मिलेगी।
