सामना संवाददाता / मुंबई
कल सरकार ने ईंधन की कीमतों में ३ रुपए की बढ़ोतरी कर दी। इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ेगा। इसे लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता, युवासेनाप्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की गई एक पोस्ट में आदित्य ठाकरे ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों का कर्तव्य देश को महंगाई और आर्थिक संकट से बचाना है। उन्होंने लिखा, ‘चुनाव आयोग की कृपा से सत्ता में आए लोगों का यह कर्तव्य है कि वे देश को महंगाई और आर्थिक संकट से बचाएं’।
महंगाई पर नियंत्रण में अपनी विफलता को दूसरे देशों की कीमतों से तुलना करके छिपाना सरकार का काम नहीं है। सरकार का काम प्रशासन चलाना है, न कि अपने ‘सूत्रों’ के जरिए हास्यास्पद तुलना जनता के सामने पेश करना। आदित्य ठाकरे ने कहा कि २०१४ से पहले विकास के मुद्दों पर तुलना की जाती थी और वह भी उन देशों के साथ, जो हमसे बेहतर प्रदर्शन कर रहे थे। वह दौर हमेशा प्रेरणादायक था। लेकिन अब ईंधन की कीमतों, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विफलताओं की तुलना ऐसे देशों से की जा रही है, जिनका कभी हमारे साथ एक वाक्य में जिक्र तक नहीं होता था।’ इस तरह आदित्य ठाकरे ने केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर तीखी आलोचना की।
