सना खान
हर पिता अपने प्यार को शब्दों में नहीं जताता। कुछ पिता ‘आई लव यू’ नहीं कहते, लेकिन पूरी जिंदगी अपने बच्चों के लिए जी जाते हैं।
वो थककर घर लौटते हैं, फिर भी बच्चों की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए बाहर निकल पड़ते हैं। अपनी इच्छाओं को पीछे रखकर, उनके सपनों को आगे बढ़ाते हैं। मां का प्यार अक्सर दिखाई दे जाता है, लेकिन पिता का प्यार जिम्मेदारियों के पीछे छुप जाता है। वो कम बोलते हैं, पर हर चिंता चुपचाप अपने भीतर रखते हैं। कई बार पिता डांटते हैं, रोकते हैं, सख्त बनते हैं और बच्चे सोचते हैं कि शायद उन्हें समझा नहीं गया। लेकिन समय के साथ एहसास होता है कि जिस इंसान ने सबसे ज्यादा बोझ उठाया, वो सबसे कम शिकायत करने वाला इंसान था। बाप अपनी तकलीफें आसानी से नहीं बताते। उन्हें डर होता है कि अगर वो कमजोर पड़ गए, तो पूरा घर बिखर जाएगा। इसलिए वो मुस्कुराकर सिर्फ इतना कहते हैं – ‘सब ठीक है।’ लेकिन सच यह है कि हर पिता के अंदर भी डर, थकान और अधूरे सपने होते हैं। उसे भी कभी सहारे की जरूरत पड़ती है, लेकिन समाज ने उसे बचपन से यही सिखाया कि मर्द रोते नहीं। धीरे-धीरे हमने पिता के प्यार को सिर्फ कमाई और सुविधाओं से जोड़ दिया। जैसे उनका काम केवल घर चलाना हो। जबकि एक पिता भी चाहता है कि कोई उससे पूछे ‘आप सच में वैâसे हैं?’ कोई उसकी खामोशी को समझे, उसके संघर्ष को महसूस करे और उस इंसान को देखे जो सिर्फ पिता नहीं, बल्कि कई जिम्मेदारियों के बीच जीता हुआ एक साधारण इंसान भी है। हम अक्सर मां के त्याग की बातें करते हैं, जो बिल्कुल होनी भी चाहिए, लेकिन कई बार पिता का त्याग इतना शांत होता है कि वो दिखाई ही नहीं देता। वो अपनी पसंद टाल देता है, ताकि बच्चों की जरूरत अधूरी न रह जाए। अपनी खुशियां रोक लेता है, ताकि घर में सुकून बना रहे। हर पिता सुपरहीरो जैसा नहीं दिखता, लेकिन हर पिता रोज एक ऐसी लड़ाई लड़ता है जिसके बारे में वो किसी को बताता नहीं। इसलिए हर बच्चे को कभी न कभी अपने पिता के पास बैठकर उन्हें भी हिम्मत देनी चाहिए। क्योंकि जो इंसान पूरी जिंदगी सबको संभालता रहा, उसे भी कभी अपने बच्चों के सहारे की जरूरत पड़ती है। वो आपके हीरो हैं। और हीरो वही होता है जो खुद मुश्किलों में रहकर भी अपने परिवार को टूटने न दे। हो सकता है आपके पिता परफेक्ट न हों। हो सकता है कि उन्होंने गलतियां भी की हों। हो सकता है कि वो अपने प्यार को सही तरीके से जताना न जानते हों। लेकिन एक सच कभी नहीं बदलता कि वो आपके पिता हैं।
