मुख्यपृष्ठनए समाचारबच्चों की जान से खेलता, दिखावे का ‘हाईवे रोमांच!'

बच्चों की जान से खेलता, दिखावे का ‘हाईवे रोमांच!’

हैदराबाद के आउटर रिंग रोड से आया वीडियो सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वायरल वीडियो में एक कार तेज रफ्तार से दौड़ती दिखती है, जबकि उसके खुले बूट में तीन बच्चे बैठे नजर आते हैं। अंदर बैठे वयस्क सुरक्षित हैं, लेकिन बच्चे खुले हिस्से में बिना किसी सुरक्षा उपाय के जान जोखिम में डालकर बैठे हैं। यह दृश्य सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि बच्चों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ है।
हिंदुस्तान में यह बीमारी अब आम होती जा रही है। कभी शादी-ब्याह के जुलूस में, कभी जन्मदिन या रील बनाने के चक्कर में, तो कभी महंगी कार का दिखावा करने के लिए लोग सनरूफ खोलकर बच्चों को बाहर खड़ा कर देते हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे सैकड़ों वीडियो और तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। लोग इसे शौक, स्टाइल या खुशी का प्रदर्शन समझते हैं, लेकिन हकीकत में यह जानलेवा लापरवाही है। अचानक ब्रेक लगने, गाड़ी के झटका खाने, किसी तार, पेड़ की डाल, पतंग के चाइनीज मांजे या ऊपरी अवरोध से टकराने पर बच्चा गंभीर रूप से घायल हो सकता है। चाइनीज मांजे से देश में कई लोगों की गर्दन कटने और जान जाने की घटनाएं पहले ही चेतावनी बन चुकी हैं। पुलिस बार-बार लोगों को सचेत करती है, चालान भी करती है, पर केवल चेतावनी से यह प्रवृत्ति रुकने वाली नहीं है। जब तक ऐसे मामलों में भारी जुर्माना, लाइसेंस निलंबन, वाहन जब्ती और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक लोग इसे हल्के में लेते रहेंगे।

अन्य समाचार