सफाई व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
सामना संवाददाता / मुंबई
वाशी स्थित मनपा अस्पताल में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मरीजों और उनके परिजनों के लिए लगाए गए पानी के कूलर में मरा हुआ चूहा मिलने से अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती नसरीन पठान के रिश्तेदार फरहान ने पीने के पानी की सफाई जांचने के लिए मशीन का ढक्कन खोला। इस दौरान उन्हें अंदर सड़ी हुई अवस्था में मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। यह नजारा देखकर वहां मौजूद मरीजों और लोगों में डर और नाराजगी का माहौल बन गया। जिस मशीन का पानी मरीज और उनके परिजन इस्तेमाल कर रहे थे, उसमें मरा हुआ चूहा मिलने से लोगों ने स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है। अब नई मुंबई के लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि महापालिका प्रशासन दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।
कर्मचारियों की बदसलूकी का आरोप
फरहान ने इस मामले की जानकारी संबंधित कर्मचारियों को दी। आरोप है कि इसके बाद कुछ कर्मचारियों ने उनसे बदसलूकी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस घटना के बाद लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। इस पूरे मामले ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था, पीने के पानी की गुणवत्ता और रखरखाव प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश म्हात्रे से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
