मुख्यपृष्ठनए समाचारअयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा व गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अलर्ट मोड...

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा व गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अलर्ट मोड पर!

धार्मिक स्थलों पर रहेगी पैनी नजर
संवेदनशील जगहों पर गश्त शुरू
सामना संवाददाता / ठाणे
अयोध्या में होने वाले भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और गणतंत्र दिवस के अवसर पर लॉ एंड ऑर्डर बनी रहे, इसके लिए ठाणे शहर पुलिस  को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष व्यवस्था शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड पर सक्रिय अपराधियों की सूची भी तैयार की जा रही है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सूत्रों ने बताया कि शहर के संवेदनशील और बड़े धार्मिक स्थलों पर पुलिस २४ घंटे निगरानी रखेगी।
बता दें कि गृह मंत्रालय ने पुलिस को अयोध्या में राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम, मराठा आरक्षण और राज्य में आगामी चुनावों के मद्देनजर राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने का आदेश दिया है। पुलिस आयुक्त के आदेश के मुताबिक, ठाणे कमिश्नरेट के सभी पुलिस स्टेशनों ने विशेष गश्त शुरू कर दी गई है। १७ जनवरी से शहर के अन्य महत्वपूर्ण नाकों, चौक-चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थानों, होटलों व लॉज आदि संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी व निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। रिकॉर्ड में भी आरोपियों की सूची तैयार की जा रही है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी २२ जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन कर रहे हैं, साथ ही मनोज जरांगे पाटिल ने मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मुंबई में विरोध प्रदर्शन का भी एलान किया है। इसलिए पुलिस की गोपनीय शाखा ने आशंका जताई जा रही है कि ठाणे में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी जमा हो सकते हैं। आगामी चुनाव से पहले पुलिस की ओर से अपराध रोकथाम अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
गश्त से कानून होगा सख्त
ठाणे के सभी पुलिस स्टेशनों में, संबंधित पुलिस उपायुक्तों के मार्गदर्शन में, पुलिस अधिकारियों ने रात, सुबह के समय सड़कों पर गश्त शुरू कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस की ओर से एहतियात बरती जा रही है। बाहर से आनेवाले वाहनों पर नजर रखने के लिए नाकाबंदी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी के साथ-साथ सादी वर्दी में पुलिस नजर रख रही है।
नई मुंबई में मॉक ड्रिल 
अयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर के लोकार्पण और गणतंत्र दिवस को लेकर नई मुंबई पुलिस भी सतर्क हो गई है। शुक्रवार सुबह वाशी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस, बम डिटेक्शन स्क्वॉड सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। वाशी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत चांदेकर ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चौबंद है। आने वाले दिनों में किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। तदनुसार, पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने नई मुंबई पुलिस आयुक्तालय के तहत सभी पुलिस स्टेशनों में इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित करने का आदेश दिए है, जिसके कारण आने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संपन्न करने के लिए नई मुंबई पुलिस सतर्क नजर आ रही है।

अन्य समाचार