लखनऊ के सहादतगंज थाना क्षेत्र की अंबरगंज चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। वजीरबाग इलाके में एक युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस ने कथित तौर पर उसके सिर पर ईंट मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि अंबरगंज चौकी के कुछ सिपाही बिना किसी वारंट और बिना एफआईआर दर्ज किए युवक को पकड़ने पहुंचे थे। युवक ने पुलिसकर्मियों से पूछ लिया कि उसे किस मामले में ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस ने कहा कि चौकी चलकर सब बताया जाएगा।
पीड़ित युवक का आरोप है कि वह बिना वजह चौकी जाने से मना कर रहा था, क्योंकि वहां ले जाकर उससे पैसे मांगे जाते हैं। युवक जैसे ही पुलिस से दूर हटने लगा, तभी एक सिपाही ने सड़क पर पड़ी ईंट उठा ली और धमकी देते हुए कहा कि ‘भागे तो मार देंगे।’
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
आरोप है कि युवक के नहीं रुकने पर पुलिसकर्मी ने उसके सिर पर ईंट दे मारी। ईंट लगते ही युवक के सिर से खून बहने लगा। यह देख आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो में पुलिसकर्मी लोगों के सवालों का जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं।
