मुख्यपृष्ठसमाचारबाबा साहब के आगे राजनीतिक दलों में श्रद्धवनत होने की होड़ !

बाबा साहब के आगे राजनीतिक दलों में श्रद्धवनत होने की होड़ !

-आंबेडकर जयंती : नीले ध्वज-पताकाओं से पट गए शहर गांव और कस्बे

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी,कानूनविद व दलितों के मसीहा माने जाने वाले डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती मंगलवार को हरेक गांव-शहर व कस्बे में चहुंओर धूमधाम से मनाई जा रही है। विधानसभा चुनाव करीब हैं। इसलिए तमाम दलों के बड़े नेताओं ने भी ‘आंबेडकरवाद’ को जताने की होड़ सी लग गई है। अनेकों ने गले में नीला गमछा लपेट लिया है। सुल्तानपुर जिले में नीली पताकाओं, गमछों और वस्त्रों की चहुंओर झलक दिखाई दी।
बसपा व भीम सेना के साथ साथ भाजपा-सपा और कांग्रेस ने भी बाबा साहब की जयंती इस बार बढ़चढ़कर मनाई। संगोष्ठी समेत समरसता के कार्यक्रम किये गए। विकास भवन के सामने आंबेडकर प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने का क्रम सुबह छह बजे से ही शुरू हुआ तो देर रात तक थमा ही नहीं। मुहल्लों व दलित बस्तियों में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाएं फूल मालाओं से लाद दी गईं। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने तिकोनिया पार्क में भारत रत्न से नवाजे जा चुके बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पार्जन कर श्रद्धा, सुमन अर्पित करने के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी गौरव शुक्ल, मुख्य राजस्व अधिकारी बाबू राम, उपजिलाधिकारी शिव प्रसाद के साथ दीप प्रज्ज्वलित किया। इस अवसर पर विचारगोष्ठी में आंबेडकर के द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों व सिद्धांतों पर विस्तृत चर्चा कर उनके द्वारा सुझाये गये मूल्यों व सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की बात की गई। उपस्थित लोगों ने भारत रत्न आम्बेडकर के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को संविधान प्रस्तावना पाठ की शपथ दिलाई। विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जिला विकास अधिकारी गजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला विकास अधिकारी सहित उपस्थित समस्त अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर डॉ. भीमराव राम जी आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्जन अर्पित किया गया। यहां भी विचार गोष्ठी का आयोजन कर बाबा साहब हुई। इसी प्रकार जनपद के समस्त कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, तहसील व ब्लाक स्तर पर वृहद कार्यक्रम आयोजित किये गये। कमला नेहरू बाल शिक्षा संस्थान विवेक नगर सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई।

अन्य समाचार