-नेता विपक्ष किशोरी पेडणेकर भड़कीं
-मुंबई महापालिका में जोरदार हंगामा
सामना संवाददाता / मुंबई
मनपा मुख्यालय में उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर को भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच से गुजरना पड़ा और कथित तौर पर उनके साथ धक्का-मुक्की होने का मामला सामने आया। इस घटना के बाद मनपा परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस घटना से नाराज किशोरी पेडणेकर ने कहा कि भाजपा ने मनपा को मच्छी बाजार बना दिया है।
बता दें कि दो दिन पहले मनपा में स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ, जिसमें भाजपा के नगरसेवक हरीश भांडरिगे अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके चुनाव जीतने के बाद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने के लिए महापालिका मुख्यालय पहुंच गए। पुराने भवन की पहली मंजिल पर स्थित उनके कक्ष के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान कुछ दूरी पर स्थित नेता विपक्ष के कक्ष की ओर जा रहीं किशोरी पेडणेकर को कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच से निकलने में परेशानी हुई।
बताया जाता है कि मनपा के एक कर्मचारी ने रास्ता बनाने के लिए एक कार्यकर्ता को हटने के लिए कहा, लेकिन इसी बात को लेकर पेडणेकर और कार्यकर्ता के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। जिस पर भड़कते हुए किशोरी पेडणेकर ने कहा कि भाजपा ने मनपा को मच्छीबाजार बना दिया है।
लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ
किशोरी पेडणेकर का आरोप है कि बहस के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई। इस घटना के बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि मनपा जैसे संवैधानिक संस्थान में इस तरह की भीड़ और अव्यवस्था लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। घटना के बाद मनपा परिसर में काफी देर तक हलचल बनी रही। अब इस मुद्दे को लेकर शिवसेना और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव तेज होने की संभावना जताई जा रही है। विपक्ष ने मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
