मुख्यपृष्ठराजनीति‘राज'नीति : शिकंजे में जोशी

‘राज’नीति : शिकंजे में जोशी

रमेश सर्राफ धमोरा
झुंझुनू

राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश जोशी ईडी के शिकंजे में फंसने वाले हैं। ईडी उनके जयपुर स्थित आवास पर छापा मारकर उनसे दिनभर पूछताछ कर चुकी है। महेश जोशी के जलदाय मंत्री रहते जल जीवन मिशन में हुए कथित घोटाले को लेकर ईडी जांच कर रही है, जिसमें महेश जोशी ईडी के राडार पर आ गए हैं। महेश जोशी के घर छापेमारी के बाद उनसे हुई पूछताछ के बाद ईडी उनको अपने जयपुर स्थित दफ्तर में कभी भी बुलाकर पूछताछ कर सकती है। ईडी की छापेमारी के बाद महेश जोशी ने बताया कि राजस्थान में फिर से ईडी का दुरुपयोग हो रहा है। प्रदेश में सरकार बदल गई है, मगर कोई नया डेवलपमेंट नहीं हो रहा है। बार-बार जलदाय विभाग के जल जीवन मिशन की बात की जाती है। सरकार के हाथ में जलदाय विभाग है। वह बताए कि टेंडर में कहां गड़बड़ी हुई है। मुझे जानबूझकर ईडी का शिकार बनाया जा रहा है। महेश जोशी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राइट हैंड माने जाते हैं।

जूली का जलवा
राजस्थान में कांग्रेस पार्टी ने अलवर ग्रामीण से विधायक और गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके टीकाराम जूली को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इस पद तक पहुंचने वाले टीकाराम जूली पहले दलित विधायक हैं। जूली के नाम की पैरवी पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने की थी। जूली पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भी नजदीकी माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव में तीसरी बार विधायक बने टीकाराम जूली ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी जयराम जाटव को २७,३३३ मतों से हराया था। टीकाराम जूली का सियासी सफर २५ सालों का है। अलवर के बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के काठूवास गांव में जूली का जन्म हुआ था। जूली ने सबसे पहले जिला परिषद का चुनाव लड़ा था, जिसमें वो जिला परिषद के सदस्य चुने जाने के बाद जिला प्रमुख भी बने थे। इसके बाद २००८, २०१८, २०२३ में वो जीत हासिल कर चुके हैं। २०१३ में वो चुनाव हार गए थे। जूली के नेता प्रतिपक्ष बनने से कांग्रेस पूर्वी राजस्थान में मजबूत होगी।

महिला विधायक का दर्द

राजस्थान के बयाना सीट से निर्दलीय महिला विधायक डॉ. ऋतु बनावत डीपफेक की शिकार हुई हैं। उनके कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। महिला विधायक का कहना है कि सोशल मीडिया पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ एडिटिंग टूल्स की मदद से विधायक के फोटो को क्लब कर अश्लील वीडियो बनाया गया है। वायरल वीडियो में महिला विधायक के फोटो के साथ किसी दूसरी महिला का फोटो जोड़ दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक ने जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर से इस मामले को लेकर लिखित शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने कुछ लोगों के नाम का भी जिक्र किया है, जिनके अकाउंट से फोटो और वीडियो वायरल किए गए हैं। विधायक का कहना है कि इन फर्जी वीडियो के जरिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। वो इस मामले की शिकायत विधानसभा स्पीकर से भी करेंगी। विधायक के फेक वीडियो को लेकर सियासी गलियारों में काफी हलचल है।

हटाए गए चंद्रशेखर
राजस्थान भाजपा के संगठन महासचिव चंद्रशेखर को राजस्थान से हटाकर तेलंगाना भाजपा का संगठन महासचिव बनाया गया है। चंद्रशेखर पिछले ६ वर्षों से राजस्थान में भाजपा के संगठन महामंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे। राजस्थान आने से पहले चंद्रशेखर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और काशी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रह चुके थे। उत्तर प्रदेश के रहने वाले चंद्रशेखर का हटना उसी दिन तय हो गया था, जब भजनलाल शर्मा को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया गया था। राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी व पार्टी के संगठन महासचिव चंद्रशेखर तीनों ही ब्राह्मण समाज से होने के चलते अन्य जातियों को समायोजित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी व संगठन महासचिव चंद्रशेखर को हटाया जाना निश्चित था। ऐसे में चंद्रशेखर को राजस्थान से हटाकर तेलंगाना भेज दिया गया है, वहीं अंदर खाने चर्चा है कि वसुंधरा राजे भी चंद्रशेखर की कार्यशैली को लेकर पार्टी आलाकमान से कई बार नाराजगी जाहिर कर चुकी थी।

(लेखक राजस्थान सरकार से मान्यता प्राप्त स्वतंत्र पत्रकार हैं एवं राजनैतिक मामलों के विशेषज्ञ हैं।)

अन्य समाचार