मुख्यपृष्ठग्लैमरमनोज बाजपेयी अभिनीत विपुल अमृतलाल शाह की ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ का...

मनोज बाजपेयी अभिनीत विपुल अमृतलाल शाह की ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ का पोस्टर रिलीज

सोम प्रकाश

विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में मनोज बाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर एक दिलचस्प पोस्टर के साथ फिल्म के टाइटल का खुलासा किया गया था। अब फिल्म के नए पोस्टर जारी किए गए हैं, जो एक बड़ा खुलासा करते हुए दर्शकों को इस इंटेंस ड्रामा की दुनिया के और करीब ले जाते हैं।

‘गवर्नर’ के नए पोस्टरों ने स्टार कास्ट से भी पर्दा उठा दिया है, जिसमें मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। अलग-अलग पोस्टरों में नेशनल अवॉर्ड विजेता मनोज बाजपेयी के कई शेड्स देखने को मिलते हैं, जो फिल्म के दमदार और गंभीर कथानक की झलक देते हैं।

कास्ट के खुलासे के साथ पोस्टरों में कुछ प्रभावशाली टैगलाइन भी दी गई हैं, जैसे— “अब बारी मेरी है”, “आई विल नॉट लेट इंडिया फेल” और “इंडिया इज ऑन द वर्ज ऑफ बैंकरप्सी, ही सॉ इट कमिंग।” ये सभी टैगलाइन भारत के आर्थिक संकट के एक कठिन दौर की ओर संकेत करती हैं। अब दर्शकों में यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि फिल्म में मनोज बाजपेयी किस तरह का किरदार निभाएंगे।

फिल्म की कहानी एक ऐसे संघर्ष पर आधारित है, जिसमें कोई पारंपरिक युद्ध नहीं है, बल्कि एक व्यक्ति अपने दम पर देश को संकट से उबारने का प्रयास करता है।

विपुल अमृतलाल शाह प्रोडक्शन की यह फिल्म सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले प्रस्तुत की जा रही है। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने संभाला है। इसके सह-निर्माता आशिन ए. शाह हैं।

फिल्म की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जिन्हें अमित त्रिवेदी ने संगीत से सजाया है। ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

अन्य समाचार