आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प दोहराया
रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
मुंबई की सामाजिक संस्था प्रभूनयन फाउंडेशन ने इगतपुरी स्थित एक माध्यमिक आश्रम विद्यालय में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों को नोटबुक एवं पाठ्य सामग्री वितरित कर उनका सम्मान किया। आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम एक मार्च को तलेगांव (इगतपुरी) के माध्यमिक आश्रम विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
संस्था की ओर से आयोजित इस छोटे लेकिन सार्थक कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। फाउंडेशन लंबे समय से दूरदराज के आदिवासी इलाकों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए समय-समय पर शैक्षणिक सहायता, मार्गदर्शन और प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष श्री नितिन मवानी एवं श्रीमती सरयू मवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ ‘सामना’ के वरिष्ठ पत्रकार श्री रवीन्द्र मिश्रा, ‘लोकमत’ के पत्रकार गणेश घाटकर तथा ‘न्यूज 7’ के पत्रकार श्री राजू देवलेकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज गोसावी ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शैक्षणिक संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ता है, ऐसे में सामाजिक संस्थाओं का सहयोग उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बनाए रखता है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो जीवन की दिशा बदल सकती है। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के चेहरे पर मुस्कान और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। सामाजिक सहयोग और सामूहिक प्रयास से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने की यह पहल सराहनीय मानी जा रही है।
