मुख्यपृष्ठसमाचारभरी पंचायत में कत्ल के आरोपी को प्रयागराज पुलिस ने दबोचा

भरी पंचायत में कत्ल के आरोपी को प्रयागराज पुलिस ने दबोचा

राजेश सरकार

प्रयागराज। यमुनानगर जोन के संवेदनशील थाना घूरपुर में बकरी हांकने और पत्थर मारने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। गांव में चल रही पंचायत के दौरान हुए हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में फरार चल रहे पांचवें आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घूरपुर पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद आरोपी फरमान अली उर्फ पप्पू को बोंगी नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर अपने चार भाइयों के साथ मिलकर निसार अहमद की लाठी-डंडों से पिटाई करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक वारदात 27 अप्रैल को बड़ी बोंगी गांव में हुई थी। मृतक के बेटे मोहम्मद हुसैन की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में बताया गया था कि बकरी हांकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर निसार अहमद के घर के सामने पंचायत हो रही थी।

आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर गुड्डू, अब्दुल, सलमान, राशिद और फरमान अली ने एक राय होकर निसार अहमद पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल निसार अहमद को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी फरमान अली उर्फ पप्पू ने बताया कि उसकी बकरी को पत्थर लगने से आंख में चोट आई थी। इसी बात को लेकर पंचायत चल रही थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान गुस्से में आकर उसने और उसके भाइयों ने निसार अहमद के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े।

घूरपुर पुलिस ने बताया कि मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि फरमान अली फरार चल रहा था। अब पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

अन्य समाचार