– तालियों की गड़गड़ाहट से किया सदस्यों ने स्वागत
– संजय राउत ने कहा ‘आ गई शेरनी’
रमेश ठाकुर/नई दिल्ली
तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की गुरुवार से संसदीय पारी शुरू हो गई है। वह केरल के वायनाड संसदीय सीट से रिकॉर्ड वोटों से जीतकर लोकसभा पहुंची हैं। गुरुवार को सत्र आरंभ से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रियंका गांधी का नाम पुकारा, उसके बाद उन्होंने पद एवं गोपनीयता की शपथ लीं। शपथ पढ़ने के दौरान उनके हाथ में संविधान की पुस्तक थी। प्रियंका संसद में पहली पहुंची थी, उस दौरान उन्होंने केरल की पांरपरिक कसावु साड़ी पहनी। कसावु साड़ी का इतिहास बहुत पुराना है। पारंपरिक रूप से मलयाली महिलाओं द्वारा पहनी जाने वाली इस साड़ी की केरला संस्कृति में गहरी जड़ें हैं। साड़ी को महिलाएं शुभ अवसरों, त्योहारों और विशेष उत्सवों पर पहनती हैं। कसावु साड़ी के पहनने पर वायनाड की जनता प्रियंका से बहुत खुश हुईं।
बता दें, प्रियंका अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ गुरुवार को सुबह संसद भवन पहुंची। लोकसभा अध्यक्ष द्वारा नाम पुकारते ही वह हाथ में संविधान की किताब लेकर मंच पर पहुंची और हिंदी में शपथ लीं। शपथ के दौरान विपक्षी सदस्यों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया।