अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के जहानाबाद कॉलेज, जहानाबाद में बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ की मगध विश्वविद्यालय इकाई का संगठन चुनाव सम्पन्न हुआ।
इस संगठन चुनाव में मगध विश्वविद्यालय अंतर्गत गया, जहानाबाद, नवादा, औरंगाबाद एवं अरवल के सभी अनुदानित संबद्ध प्राप्त 39 कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शंभू नाथ सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार चौधरी (सीनेट सदस्य, बी.आर. अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी), महासंघ के महासचिव प्रो. राजीव रंजन, प्रो. नवल किशोर प्रसाद सिंह, पूर्व अध्यक्ष मगध विश्वविद्यालय प्रो. अशोक कुमार सिंह, प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार आदि की देखरेख में चुनाव सम्पन्न हुआ।
बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के प्रवक्ता प्रो. अरुण कुमार गौतम ने बताया कि मगध विश्वविद्यालय इकाई के चुनाव से पहले संगठन के सशक्तिकरण, नए पदाधिकारियों के चयन, विश्वविद्यालय स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन तथा गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, नवादा एवं अरवल जिला संगठन को मजबूत बनाने पर खुलकर चर्चा की गई। इसके उपरांत सभी पर्यवेक्षकों एवं महत्वपूर्ण साथियों के बीच अध्यक्ष, संरक्षक, उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, मीडिया प्रभारी एवं कार्यकारिणी की तैयार सूची रखी गई, जिसे सर्वसम्मति से बिना किसी विरोध के पारित कर सभी पदों पर निर्वाचित लोगों की घोषणा की गई।
निर्वाचित पदाधिकारियों में मगध विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष पद पर महाबोधि कॉलेज, बेलागंज के रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, संरक्षक प्रो. नवल किशोर प्रसाद, उपाध्यक्ष डॉ. बीरेन्द्र सिंह एवं प्रो. शशि रंजन कुमार सिंह, महासचिव प्रो. शशि प्रसाद, सचिव प्रो. रमेश कुमार, कोषाध्यक्ष प्रो. राम कुमार सिंह तथा मीडिया प्रभारी प्रो. विकास कुमार बने।
कार्यकारिणी में प्रो. राजेश कुमार, श्री प्रकाश, शिवेंद्र कुमार, प्रो. अनिल कुमार सिंह, प्रो. मोहम्मद अली, प्रो. सरोज कुमार, प्रो. अखिलेश कुमार, प्रो. राजेश रंजन मिश्रा, प्रो. अश्विनी कुमार, प्रो. मदन कुमार एवं प्रो. मनोज कुमार सिन्हा निर्वाचित हुए।
नव निर्वाचित महासंघ के मगध विश्वविद्यालय अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि मगध विश्वविद्यालय प्रशासन को तुरंत इसकी सूचना एवं चुनाव संबंधी कागजात देने के उपरांत ग्रीष्मावकाश से पहले विशाल महाधरना का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, नवादा एवं अरवल जिलों में धरना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा सभी 39 कॉलेजों में संगठन को सशक्त करने का कार्य किया जाएगा।
