मुख्यपृष्ठनए समाचारपुणे जहरीली शराब कांड...प्रजापति ने शराब बनाया... योगेश ने मिथेनॉल मिलाया!.. ज्यादा...

पुणे जहरीली शराब कांड…प्रजापति ने शराब बनाया… योगेश ने मिथेनॉल मिलाया!.. ज्यादा मुनाफे के लालच में ले ली १३ लोगों के जान

सामना संवाददाता / मुंबई

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में जहरीली शराब से हो रही मौतों ने पूरे इलाके को दहला दिया है। लगातार सामने आ रही मौतों की घटनाओं से आनंदवन, काटेवस्ती, संजयनगर, आजाद चौक और जय महाराष्ट्र चौक समेत कई इलाकों में मातम पसरा हुआ है। कई परिवार उजड़ गए हैं और लोगों में भय का माहौल है। जांच में सामने आया है कि ज्यादा मुनाफा कमाने के लालच में शराब में मिथेनॉल मिलाया गया, जिससे शराब जहरीली बन गई और कई लोगों की जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, उरली कांचन गांव में निवासी राधेश्याम प्रजापति अवैध शराब बनाने का काम करता था। वहीं, योगेश वानखेड़े नामक आरोपी उससे शराब खरीदकर पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के विभिन्न अवैध ठिकानों पर सप्लाई करता था। बताया जा रहा है कि इस बार अधिक कमाई के लालच में योगेश वानखेड़े ने शराब में मिथेनॉल मिलाया, ताकि शराब की मात्रा बढ़ाई जा सके और मुनाफा दोगुना हो। लेकिन मिथेनॉल की मात्रा अधिक होने से शराब जहरीली बन गई।
यह जहरीली शराब पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी इलाके में अवैध शराब का धंधा चलानेवाले कर्नल सिंह विरखा और गुरमीत सिंह विरखा को बेची गई। इसके अलावा खड़की, वडारवाड़ी, हडपसर और कालेपडल इलाके में भी यही शराब सप्लाई की गई, जिसके बाद कई लोगों की मौत हो गई। ८ आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक पिंपरी-चिंचवड़ में ८ और पुणे शहर में ५ मौतों की पुष्टि हुई है। हालांकि, स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतकों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
इस मामले में पुलिस ने अब तक कुल ८ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से ६ गिरफ्तारियां पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस ने और २ गिरफ्तारियां पुणे पुलिस ने की हैं। घटना की जांच पुणे ग्रामीण पुलिस, पुणे शहर पुलिस और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस संयुक्त रूप से कर रही हैं।

अन्य समाचार