मुख्यपृष्ठनए समाचारराज ठाकरे का तीव्र आक्रोश...नसरापुर के दिंरदे को तड़पा-तड़पाकर खत्म करो!

राज ठाकरे का तीव्र आक्रोश…नसरापुर के दिंरदे को तड़पा-तड़पाकर खत्म करो!

सामना संवाददाता / मुंबई

मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने पुणे के नसरापुर में हुई घटना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कानून क्या कहता है या कोई और क्या बोलेगा, इसकी परवाह किए बिना नसरापुर के दरिंदे को तड़पा-तड़पाकर खत्म कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ऐसे मामलों में सरकार हमेशा फास्ट ट्रैक कोर्ट की बात करती है, लेकिन आखिर ‘फास्ट ट्रैक’ की परिभाषा क्या है, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। ऐसी घटनाओं के बाद ही सरकार जागती है। राज ठाकरे ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
उन्होंने कहा है कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार बेहद गंभीर विषय हैं। सरकार को समय रहते कड़े कदम उठाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त और जल्द कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक सत्ता के नशे में समाज में नैतिकता व मानवता खत्म हो रही हैं और अपराध बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में कानून का डर लगभग खत्म हो चुका है। नसरापुर घटना के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज करने में जो तत्परता प्रशासन द्वारा दिखाई गई, वही तत्परता महिलाओं और बच्चियों का शोषण करने वालों के खिलाफ क्यों नहीं दिखाई जाती। यह सवाल भी उन्होंने उपस्थित किया। राज ठाकरे ने आगे कहा कि जिस महाराष्ट्र ने देश में महिला शिक्षा और सशक्तीकरण की नींव रखी, उसी राज्य में ऐसी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं, इस पर व्यापक चिंतन और ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सरकार को तुरंत आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

अन्य समाचार