मुख्यपृष्ठनए समाचारकोकण सीट पर शिंदे गुट में बगावत...विधायक दलवी की बेटी ने ठोका...

कोकण सीट पर शिंदे गुट में बगावत…विधायक दलवी की बेटी ने ठोका दावा… अपनी ही पार्टी पर लगाए ‘सौदेबाजी’ के आरोप

सुनील ओसवाल / मुंबई

विधान परिषद चुनाव की घोषणा होते ही महायुति में अंदरखाने चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। कोकण स्थानीय स्वराज्य संस्था सीट पर एकनाथ शिंदे गुट में बगावत जैसे हालात बन गए हैं। अलीबाग के विधायक महेंद्र दलवी की बेटी जुईली दलवी ने निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल कर न केवल राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता सुनील तटकरे खेमे को खुली चुनौती दी, बल्कि अपनी ही सहयोगी सत्ता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
स्थिति तब और विस्फोटक हो गई, जब विधायक महेंद्र दलवी ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर ‘बार्गेनिंग’ करने का गंभीर आरोप लगा दिया। उनके बयान के बाद शिंदे गुट के भीतर दबे असंतोष और नेतृत्व संघर्ष की चर्चा तेज हो गई है।
कोकण सीट को लेकर महायुति में लंबे समय से रस्साकशी चल रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से सुनील तटकरे अपने बेटे अनिकेत तटकरे के लिए जोर लगा रहे हैं, जबकि शिंदे गुट के भीतर भी इस सीट को लेकर कई दावेदार सक्रिय बताए जा रहे हैं। इसी बीच जुईली दलवी का मैदान में उतरना शिंदे गुट के लिए नई मुश्किल बन गया है। नामांकन दाखिल करने के बाद जुईली दलवी ने साफ कहा कि तटकरे परिवार ने ‘हमेशा अन्याय’ किया और यदि अनिकेत तटकरे को उम्मीदवार बनाया गया तो वे उनका प्रचार नहीं करेंगी। उन्होंने किसी भी राजनीतिक दबाव या समझौते से इनकार करते हुए तटस्थ रहने की चेतावनी भी दी।
महायुति के भीतर बढ़ा अविश्वास
दूसरी ओर महेंद्र दलवी ने कहा कि कोकण की सीट पर शिंदे गुट का अधिकार है और इसे लेकर पार्टी के भीतर ‘सौदेबाजी’ समझ से परे है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब पालकमंत्री पद पर शिंदे गुट का दावा है तो फिर समझौते की राजनीति क्यों की जा रही है। दलवी के बयानों ने महायुति के भीतर बढ़ती अविश्वास की खाई को उजागर कर दिया है।

अन्य समाचार