मुख्यपृष्ठनए समाचारफडणवीस राज में वसूली तेज!..महाराष्ट्र बन गया उड़ता पंजाब

फडणवीस राज में वसूली तेज!..महाराष्ट्र बन गया उड़ता पंजाब

– विपक्ष ने सरकार को घेरा

-गृहमंत्री से मांगा इस्तीफा

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र में बढ़ते नशे के कारोबार, अवैध धंधों और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि राज्य में कथित वसूली तंत्र और प्रशासनिक ढिलाई के कारण महाराष्ट्र ‘उड़ता पंजाब’ की राह पर बढ़ रहा है। दावा किया कि सरकार अवैध कारोबार पर रोक लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। विपक्षी नेताओं ने गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं और गृह मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र बदनाम नहीं, बल्कि बर्बाद हो रहा है। उन्होंने ने दावा किया कि राज्य के गांवों और शहरों में अवैध धंधों का जाल पैâल चुका है और प्रशासन सब कुछ जानते हुए भी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़े तो वे क्षेत्रवार अवैध गतिविधियों की सूची भी सरकार को सौंप सकते हैं।
स्वाभिमानी किसान संगठन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि महायुति सरकार के विधायक निलेश राणे ने सिंधुदुर्ग पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शेट्टी के मुताबिक, यदि एक जिले में पुलिसकर्मियों पर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई के आरोप लग रहे हैं, तो पूरे राज्य की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें हाल के दिनों में जहरीली शराब कांड, नशीले पदार्थों की तस्करी और विभिन्न जिलों में सामने आए अवैध कारोबार के मामलों ने सरकार को विपक्ष के निशाने पर ला दिया है। विपक्ष का आरोप है कि प्रशासनिक तंत्र में भ्रष्टाचार और कथित वसूली व्यवस्था के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। विपक्ष का कहना है कि कानून-व्यवस्था की बिगड़ती हालत, बढ़ते अपराध और नशे के नेटवर्क पर नियंत्रण पाने में सरकार असफल रही है।

राजू शेट्टी ने आरोप लगाया कि राज्य में नशे का कारोबार, अवैध शराब, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। महाराष्ट्र की स्थिति अब उस दौर की याद दिला रही है जब पंजाब नशे की समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित था।

अन्य समाचार