मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में सीरियल किडनैपर की दहशत ... दिनदहाड़े बच्चों का करता है...

मुंबई में सीरियल किडनैपर की दहशत … दिनदहाड़े बच्चों का करता है अपहरण

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में इन दिेनों सीरियल किडनैपर की दहशत बनी हुई है। आरोपी दिनदहाड़े छोटे बच्चों का अपहरण कर फरार हो जाता है। अब तक दो मामलों के खुलासे के बाद शहर में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल, पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किस गैंग से जुड़ा है और चुराए गए बच्चों को कहां बेचने की कोशिश करते थे।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब ६.३० बजे बांद्रा (पश्चिम) के बाजार रोड इलाके में एक दादी ४५ दिन के पोती को गोदी में लेकर सड़क से गुजर रही थी। तभी ५० वर्षीय व्यक्ति आया और बुजुर्ग महिला के हाथ से बच्ची को छीन कर अगवा किया और भागने लगा। बुजुर्ग महिला ने शोर मचाकर आरोपी का पीछा किया तो लोगों की नजर भाग रहे आरोपी पर पड़ी। राहगीर भी आरोपी के पीछे भागे और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया और बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया। भीड़ ने पहले आरोपी की जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्रांट रोड का रहने वाला है। पुलिस ने बताया शक है कि आरोपी किसी गैंग का हिस्सा है और बच्चे चुराकर बेचने का धंधा करता है। जांच के दौरान एक और हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई। कुछ दिन पहले बांद्रा इलाके में दूसरी महिला के हाथ से बच्चा छीनकर किडनैप करने की कोशिश हुई थी। उस वक्त आरोपी भागने में कामयाब हुआ था, शिकायत करने वाली महिला को बुलाकर आरोपी दिखाया गया, तो उसने आरोपी को पहचानते हुए कहा कि यही वह शख्स है, जिसने उसके बच्चे का अपहरण करने की कोशिश की थी। बांद्रा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अन्य समाचार