राजेश सरकार
प्रयागराज। यमुनानगर जोन का नैनी क्षेत्र इन दिनों नशेड़ियों का सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है, जहां स्मैक और जहरीले इंजेक्शन के आदी युवक खुलेआम नशा करते नजर आ रहे हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि ये नशेड़ी अपनी लत पूरी करने के लिए रात के सन्नाटे और गर्मी के मौसम का फायदा उठाकर सूने घरों को निशाना बना रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ये युवक घरों में घुसकर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर रहे हैं। शादी विवाह के सीजन में तो यह गिरोह विशेष रूप से सक्रिय हो जाता है और बंद पड़े घरों को निशाना बनाने से नहीं चूकता। नतीजतन, नैनी और आसपास के इलाकों में लोग घर पर ताला लगाकर बाहर जाने से भी डरने लगे हैं।
चोरी की घटनाएं केवल घरों तक सीमित नहीं हैं। घरों के बाहर खड़े वाहनों से बैटरी, महंगे पार्ट्स और टुल्लू पंप तक चोरी किए जा रहे हैं, वहीं कई वाहन भी गायब हो चुके हैं।
शुक्रवार को स्थिति की भयावह तस्वीर तब सामने आई, जब एडीए कॉलोनी नैनी स्थित आजाद पार्क, जहां छोटे बच्चे खेलते हैं और लोग ओपन जिम का उपयोग करते हैं, वहीं पेड़ों की आड़ में दो किशोर इंजेक्शन से नशा करते हुए पकड़े गए। स्थानीय नागरिकों ने उनका वीडियो बनाकर एडीए चौकी पुलिस को सूचना दी।
लोगों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई कर नशेड़ियों को पकड़ती है और चोरी का माल भी बरामद करती है, लेकिन इन पर स्थायी रोक नहीं लग पा रही है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस और प्रशासन से सख्त कदम उठाकर इस बढ़ते नशा और चोरी के नेटवर्क पर लगाम लगाने की मांग की है, ताकि इलाके में सुरक्षा का भरोसा बहाल हो सके।
