सामना संवाददाता / मोरबी
गुजरात के मोरबी से एक ऐसा दिल दहला देने वाला और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इंसानियत और रिश्तों को पूरी तरह से शर्मसार कर दिया है। यहां एक शख्स ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए चंद रुपयों के खातिर अपने ही परिवार का घिनौना सौदा कर दिया। आरोप है कि इस कलयुगी पति ने घर का किराया नहीं चुका पाने के कारण अपनी ही पत्नी और १३ साल की मासूम बेटी को मकान मालिक और उसके एक रिश्तेदार के हवाले कर दिया। इन दरिंदों ने बेबस मां-बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पीड़िता की मां ने पुलिस थाने पहुंचकर दामाद और अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मकान मालिक और पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पति की रेप पर सहमति
मकान मालिक के दबाव बनाने पर निर्दयी पति ने इंसानियत को ताक पर रखकर अपनी पत्नी और १३ साल ७ महीने की मासूम बेटी के रेप पर अपनी सहमति जता दी। इसके बाद मकान मालिक लगातार अपने ही घर में बेखौफ होकर मां-बेटी की अस्मत लूटता रहा।
२ हजार किराए के लिए घिनौना सौदा
पीड़िता की मां और दादी द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक, यह परिवार करीब छह महीने पहले रोजगार की तलाश में मोरबी आया था। यहां पति ने २ हजार रुपए प्रति माह के हिसाब से एक मकान किराए पर लिया था। लेकिन काम-धंधा ठीक न चलने के कारण वह समय पर किराया नहीं दे पा रहा था, जिससे उस पर किराए का बोझ लगातार बढ़ता चला गया।
फरार रिश्तेदारों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी!
गुजरात के मोरबी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने मकान का किराया न चुका पाने के बाद अपनी पत्नी व नाबालिग बेटी को मकान मालिक के हवाले कर दिया। इस पूरी दरिंदगी की भनक लगते ही पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी पति और ५५ वर्षीय मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गुरुवार को मकान मालिक को कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर लिया है और पीड़ित मां-बेटी समेत आरोपियों का मेडिकल टेस्ट भी करवा लिया गया है। जांच टीम ने मौके से कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। हालांकि, इस खौफनाक अपराध में साथ देने वाला मकान मालिक का रिश्तेदार और उसके परिवार वाले अभी भी फरार हैं।
