सामना संवाददाता / मुंबई
वर्ली में अवैध फेरीवालों और अतिक्रमणों के कारण स्थानीय निवासियों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है इसलिए वहां से अवैध फेरीवालों और अतिक्रमणों को हटाया जाए, ऐसी मांग आदित्य ठाकरे ने की। इस संबंध में उन्होंने आज मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े से मुलाकात कर चर्चा की।
आदित्य ठाकरे ने आयुक्त के ध्यान में लाया कि वर्ली के हिंद सायकल मार्ग, गणपतराव कदम मार्ग, लोअर परेल पुल के नीचे, बी. जी. खेर मार्ग, द अली रोड, वीनस सोसायटी सहित कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हुआ है। इसके अलावा एनी बेसेंट रोड और डॉ. ई. मोसेस रोड को जोड़ने वाली मिसिंग लिंक परियोजना पर भी चर्चा की गई। आदित्य ठाकरे ने कहा कि यह कार्रवाई पहले शुरू हो चुकी थी, लेकिन उन्हें अनौपचारिक रूप से जानकारी मिली है कि एक खास मंत्री ने इसे रोक दिया, क्योंकि वह उड्डाणपुलों के नीचे की जगह अपने कब्जे में लेना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहते हुए पूरे माहिम किले को अतिक्रमण मुक्त किया गया था। साथ ही ‘रेती बंदर’ समुद्र तट को फिर से उसके मूल रेतीले स्वरूप में बहाल किया गया था।
