सामना संवाददाता / मुंबई
देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और विपक्ष सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। इसी बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक जयंत पाटील ने महाराष्ट्र सरकार से पेट्रोल-डीजल पर लगाया गया वैट और सरचार्ज तत्काल हटाने की मांग की है।
जयंत पाटील ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार पेट्रोल और डीजल पर वसूला जा रहा वैट और अतिरिक्त सरचार्ज समाप्त कर दे तो ईंधन की कीमतों में बड़ी राहत मिल सकती है। इससे सिर्फ वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि परिवहन, खेती और उद्योग क्षेत्र को भी सीधा फायदा होगा। उन्होंने इस संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भी लिखा है। अपने पत्र में जयंत पाटील ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में लोगों को तुरंत राहत देने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य सरकार से नागरिक हित में पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट और सरचार्ज को तुरंत खत्म करने का निर्णय लेने की अपील की।
‘ठोस कदम उठाने चाहिए’
ईंधन की महंगाई का असर केवल आम आदमी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा प्रभाव माल ढुलाई, कृषि लागत और उद्योगों के संचालन पर भी पड़ रहा है। ऐसे में सरकार को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
