मुख्यपृष्ठस्तंभरिपोर्टर डायरी : प.रेलवे का अनोखा गिफ्ट... जब गूंजी महिलाकर्मियों की सफलता...

रिपोर्टर डायरी : प.रेलवे का अनोखा गिफ्ट… जब गूंजी महिलाकर्मियों की सफलता की कहानी…

जेदवी

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे ने अपनी महिलाकर्मियों के योगदान को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए एक अनोखी पहल की। लोकप्रिय रेडियो चैनल बिग एफएम के साथ मिलकर चर्चगेट, वडोदरा और इंदौर रेलवे स्टेशनों पर लाइव रेडियो इंटरैक्शन आयोजित किया गया, जिसमें महिला कर्मचारियों की संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों की प्रेरणादायक कहानियां सीधे श्रोताओं तक पहुंचार्इं गर्इं। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, रविवार ८ मार्च को तीनों स्टेशनों पर एक साथ लाइव स्टूडियो शिफ्ट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान बिग एफएम के रेडियो जॉकी ने रेलवे के विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला अधिकारियों और कर्मचारियों से खुलकर बातचीत की और उनके अनुभवों को देशभर के श्रोताओं तक पहुंचाया। चर्चगेट स्टेशन पर आयोजित लाइव सेशन को आरजे रानी ने होस्ट किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम रेलवे की करीब ३० महिला कर्मचारियों से संवाद किया और उनके पेशेवर सफर, संघर्ष और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। वहीं वडोदरा स्टेशन पर यह कार्यक्रम आरजे मेघा ने होस्ट किया, जबकि इंदौर स्टेशन पर आरजे पीहू ने महिला कर्मचारियों से बातचीत कर उनके अनुभवों को साझा कराया।
इस संवाद के दौरान महिलाकर्मियों ने रेलवे संचालन में अपनी भूमिका और जिम्मेदारियों के साथ-साथ इस क्षेत्र को करियर के रूप में चुनने की प्रेरणा के बारे में भी बताया। उन्होंने यह भी साझा किया कि किस तरह उन्होंने अपने मजबूत इरादों और मेहनत के दम पर चुनौतियों को पार किया और रेलवे प्रणाली के सुरक्षित व कुशल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में रेलवे के तकनीकी और संचालन से जुड़े क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया। महिला कर्मचारियों ने इस बात पर गर्व जताया कि आज महिलाएं रेलवे में बड़ी जिम्मेदारियां निभा रही हैं और संगठन के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
इस मौके पर महिलाकर्मियों ने युवा लड़कियों को संदेश देते हुए कहा कि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ इंजीनियरिंग, तकनीकी क्षेत्र और रेलवे जैसे चुनौतीपूर्ण सेक्टर में भी महिलाएं सफल करियर बना सकती हैं।
पश्चिम रेलवे ने स्पष्ट किया कि वह लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और महिला कर्मचारियों को विभिन्न विभागों में अवसर देकर उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसी पहल न केवल महिलाओं के योगदान को सम्मान देती हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करती है।

अन्य समाचार