झुंझुनू। जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं को अपने परिवार की समस्याओं की तरह समझें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। प्रभारी सचिव जैन ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने जिले की पीएचसी और सीएचसी में रिक्त पदों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को डेपुटेशन के माध्यम से चिकित्सकीय और अन्य आवश्यक पदों पर कार्मिकों की तैनाती के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
वर्षा जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए नवीन जैन ने कहा कि जल संकट का स्थायी समाधान केवल वर्षा जल संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पारंपरिक “टांका कल्चर” को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष प्रयास करने तथा आमजन को इसके लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता बताई।
प्रभारी सचिव ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने फार्म पोंडिंग और तारबंदी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में समर्थन मूल्य पर खरीद व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, मंगला पशु बीमा योजना, पंचगौरव कार्यक्रम, पर्यटन स्थलों के विकास, एचपीवी टीकाकरण अभियान तथा आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि रात्रि 8 बजे के बाद शराब बिक्री पर रोक की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने एलडीएम गोपाल प्रसाद को योजना के लाभार्थियों को बैंकों के माध्यम से ऋण दिलवाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
