मुंबई-बंगलुरु हाईवे पर ४ घंटे ठप रही आवाजाही
सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे में चार साल की मासूम के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया है। इस जघन्य घटना के खिलाफ लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और विरोध प्रदर्शन तेज हो गए। आक्रोशित नागरिकों ने इस ‘महापाप’ के खिलाफ सड़कों को जाम कर दिया, जिससे मुंबई-बंगलुरु हाईवे पर करीब चार घंटे तक आवाजाही पूरी तरह ठप रही। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने और त्वरित न्याय की मांग की।
घटना को लेकर आक्रोशित पीड़िता के परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने नवले ब्रिज इलाके में बच्ची के शव को रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गर्इं। हालांकि, स्थिति बिगड़ने के बाद भारी पुलिस बल तैनात किया गया। लोगों का कहना है कि मासूम के साथ हुई यह हैवानियत ‘महापाप’ है और आरोपी को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। विपक्ष ने भी राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
