साउथ अभिनेत्री रुक्मिणी वसंत ने सोशल मीडिया पर अपनी एआई से बनाई गई फर्जी तस्वीरों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। एक्ट्रेस ने कहा कि इंटरनेट पर उनकी कई ऐसी तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जो पूरी तरह नकली और एआई तकनीक से बनाई गई हैं। रुक्मिणी वसंत ने अपने एक्स अकाउंट पर एक नोट साझा करते हुए लिखा कि उनकी टीम ने इन तस्वीरों को देखा है और ये पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह किसी की फर्जी और एडिटेड तस्वीरें बनाना और फैलाना बेहद गैरजिम्मेदाराना है और यह निजी जीवन के अधिकार का उल्लंघन है। एक्ट्रेस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की तस्वीरें बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ साइबर क्राइम और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई कलाकार जैसे रश्मिका मंदाना, कैटरीना कैफ और कीर्ति सुरेश भी एआई-जनरेटेड फर्जी कंटेंट का शिकार हो चुकी हैं।
