निशांत कुमार की सियासत में एंट्री, कई नए चेहरों को मौका; भाजपा-जदयू के बीच संतुलित बंटवारा
अनिल मिश्र | पटना
बिहार में गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार पूरा हो गया। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में 32 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में 35 सदस्यों वाली नई कैबिनेट का गठन हो गया। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम लोग भी मौजूद रहे।
मंत्रिमंडल विस्तार में इस बार नए चेहरों पर खास जोर दिया गया है। जदयू नेता नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ लेकर औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रखा। इसके अलावा शिवहर की विधायक श्वेता गुप्ता, भाजपा के नंद किशोर राम और मिथिलेश तिवारी जैसे नेताओं को पहली बार मंत्री बनाया गया है। वहीं, भाजपा कोटे से कुछ पुराने चेहरों को इस बार मंत्रिमंडल से बाहर रखा गया है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नई कैबिनेट में भाजपा और जदयू के बीच संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखी। भाजपा कोटे से 15 और जदयू कोटे से 13 मंत्रियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हम और आरएलएम के नेताओं को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। सरकार ने जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए ओबीसी, ईबीसी, दलित, सवर्ण और अल्पसंख्यक सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (कोइरी), उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी (भूमिहार) और विजेंद्र यादव (ओबीसी) के जरिए सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास किया गया है।
नई कैबिनेट में शामिल बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता, नंद किशोर राम और मिथिलेश तिवारी जैसे नेताओं पर विशेष नजर रहेगी। बुलो मंडल को अति पिछड़ा वर्ग का मजबूत नेता माना जाता है, जबकि श्वेता गुप्ता एक शिक्षित और साफ छवि वाली युवा नेता के रूप में उभरी हैं।
इस मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए सम्राट चौधरी सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि वह सामाजिक संतुलन और नए नेतृत्व के सहारे आगे बढ़ना चाहती है। नए और युवा चेहरों को मौका देकर सरकार ने भविष्य की राजनीति को ध्यान में रखते हुए अपनी रणनीति तय की है।
एक नजर में
कुल मंत्री: 35
नए मंत्री: 32
भाजपा कोटा: 15
जदयू कोटा: 13
अन्य दल: लोजपा (रामविलास), हम, आरएलएम
प्रमुख नया चेहरा: निशांत कुमार
