मुख्यपृष्ठनए समाचारतिहाड़ से बाहर आते ही संजय सिंह की हुंकार : जेल के...

तिहाड़ से बाहर आते ही संजय सिंह की हुंकार : जेल के ताले टूटेंगे ‘आप’ के नेता छूटेंगे!

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह कल देर शाम तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। संजय सिंह ने जेल से बाहर आते ही हुंकार भरते हुए कहा कि ‘जेल के ताले टूटेंगे और ‘आप’ के नेता छूटेंगे।’
बता दें कि आप सांसद संजय सिंह को शराब घोटाले में ईडी ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से वो गत ६ महीने से जेल में बंद थे। संजय सिंह के घरवालों और उनके प्रशंसकों को उनके जेल से बाहर आने का बेसब्री से इंतजार था। करीब १८१ दिन बाद संजय सिंह तिहाड़ जेल से आखिरकार बाहर आ गए। संजय सिंह जब तिहाड़ जेल से बाहर आए तब वहां कार्यकर्ताओं का हुजूम था। आप सांसद ने दोनों हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। यहां कार्यकर्ता उन पर लगातार फूल बरसा रहे थे। संजय सिंह के जेल से बाहर आने के बाद कार्यकर्ता खुशी से झूमने लगे। यहां कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े की धुन पर नाचते नजर आ रहे थे। संजय सिंह ने गाड़ी की छत पर चढ़कर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं का जोश काफी हाई नजर आया। संजय सिंह ने कहा, ‘यह जश्न मनाने का वक्त नहीं है, संघर्ष का वक्त है। हमारे पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया को जेल के अंदर रखा गया है। मुझे विश्वास है कि जेल के ताले टूटेंगे और आप के ये नेता छूटेंगे।’
संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह ने कहा, ‘मैं, मेरा परिवार, पार्टी कार्यकर्ता और पार्टी ने यह खास पल देखा है।’ संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा था कि संजय सिंह की रिहाई के बाद किसी तरह का जश्न नहीं मनाया जाएगा। हालांकि, कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े के साथ पहुंचे थे और उन्होंने शानदार अंदाज में संजय सिंह का स्वागत किया है। आम आदमी पार्टी की नेता और केजरीवाल सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा, ‘छह महीने बाद संजय सिंह जेल से बाहर आए हैं। वो फिर से शेर की तरह दहाड़ेंगे और भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देंगे।’ कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि संजय सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर जा सकते हैं और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल से भी मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत दिए जाने का पैâसला सुनाया था। मंगलवार को दिल्ली के आईएलबीएस अस्पताल में उनका इलाज हुआ था। इसके बाद उन्हें फिर तिहाड़ जेल ले जाया गया था। इस दौरान वो व्हीलचेयर पर नजर आए थे। उनके साथ कुछ सुरक्षाकर्मी भी नजर आए थे। बुधवार को उनकी रिहाई का प्रॉसेस शुरू हुआ था और फिर आखिरकार वो तिहाड़ जेल से बाहर आ गए।

तिहाड़ में चला केजरीवाल का झाड़ू
दिल्ली में कथित शराब घोटाले के मामले में ईडी की हिरासत से जेल भेजे गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का तिहाड़ में कल तीसरा दिन था। वहां से आई खबरों के अनुसार, केजरीवाल तिहाड़ जेल में अपने दिन की शुरुआत झाड़ू पकड़कर सफाई से करते हैं। दरअसल, तिहाड़ जेल में बंद सभी अंडर ट्रायल वैâदियों को अपने सेल की खुद ही सफाई करनी होती है। इसीलिए अरविंद केजरीवाल भी अपने दिन की शुरुआत अपने सेल में झाड़ू लगाकर कर रहे हैं। संयोग से झाड़ू उनका पार्टी सिंबल भी है।

अन्य समाचार