-संस्कृत बटुक क्रिकेट टीम ने वेद मंत्रों के साथ टीम इंडिया के लिए की प्रार्थना
-टीम इंडिया के लिए बटुकों ने किया अभिषेक
उमेश गुप्ता / वाराणसी
जहां एक तरफ पूरे देश में टी 20 वर्ल्ड कप फाइनल के लिए अनेक आयोजन किए जा रहे हैं वहीं धर्म नगरी काशी में संस्कृत बटुक क्रिकेट टीम ने दोपहर मां गंगा का अभिषेक वैदिक मंत्रो के साथ करते हुए जीत के लिए प्रार्थना की। ज्ञात हो कि ये वही बटुक क्रिकेट टीम है जिसके मैच की कमेंट्री संस्कृत भाषा में होती है। शनिवार को शास्त्रार्थ महाविद्यालय के प्राचार्य डा. पवन कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष हवन, पूजा और अभिषेक का आयोजन किया गया।
टीम इंडिया की फाइनल में जीत के लिए अहिल्याबाई घाट पर आचार्य विकास दीक्षित व आचार्य संजय उपाध्याय के नेतृत्व में वेद मंत्रों के पाठ के साथ पूजन के उपरांत हवन किया गया।
हवन के पश्चात बटुक क्रिकेट टीम ने गंगा में शुक्लयजुर्वेद के मंत्रों के साथ अभिषेक किया गया।
इस दौरान जयतु जयतु संस्कृततं-जयतु जयतु भारततं का जय घोष चलता रहा। कार्यक्रम संयोजक डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने बताया की आज प्रातः महाविद्यालय के बटुकों ने इच्छा जातायी कि हम सभी अपने देश के क्रिकेट टीम के लिए भगवान से प्रार्थना करना चाहते हैं सो इसी क्रम में यह आयोजन किया गया। इसमें प्रमुख रूप से संस्था के निदेशक डॉ. गणेश दत्त शास्त्री, आचार्य विकास दीक्षित, आचार्य संजय उपाध्याय, अवशेष पाण्डेय ‘कल्लू महाराज’, बृजेश शुक्ला, विशाल शास्त्री, आकाश पाठक, सुनील शर्मा सहित काफी संख्या में बटुक छात्र उपस्थित रहे।
