हिमांशु राज
एक्ट्रेस संयमी खेर लगातार अपने करियर में नए आयाम जोड़ रही हैं। फिल्मों के साथ-साथ अब वह अपने खेल प्रेम को भी नई दिशा दे रही हैं। संयमी अब इंडियन प्रीमियर लीग में स्पोर्ट्स क्रिटिक और एनालिस्ट के रूप में नजर आ रही हैं। अपने एथलेटिक बैकग्राउंड और फिटनेस के प्रति समर्पण के लिए जानी जाने वाली संयमी का खेल विश्लेषण में कदम रखना स्वाभाविक माना जा रहा है। एक ओर वह फिल्मों में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं, वहीं यह नया रोल उनकी बहुमुखी प्रतिभा को भी सामने लाता है।
इस नए अनुभव को लेकर संयमी ने कहा, “जब मैं 14 साल की थी, तब मेरे पिता ने मेरे क्रिकेट के प्रति प्रेम को देखकर कहा था कि मुझे स्कूल छोड़कर स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग में जाना चाहिए। मुझे खेल बहुत पसंद था, लेकिन मैं पहले अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहती थी। कॉलेज के दौरान मेरी रुचि थिएटर और फिर फिल्मों में बढ़ी। अब खुशी है कि मैं फिल्मों के साथ इस क्षेत्र का भी हिस्सा हूं। खेल हमेशा मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है। मैं केवल दर्शक नहीं रही, बल्कि क्रिकेट खेलने, मैराथन दौड़ने और आयरनमैन की तैयारी तक सक्रिय रूप से जुड़ी रही हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “आईपीएल का हिस्सा बनना बेहद रोमांचक है। इससे मुझे खेल को एक नए नजरिए से समझने का अवसर मिला है। कई बार मुझे विश्वास नहीं होता कि मैं अपने बचपन के आदर्श खिलाड़ियों के साथ बैठकर मैच देख रही हूं और उस पर चर्चा कर रही हूं, जैसे वीरेंद्र सहवाग, एडम गिलक्रिस्ट और हर्षा भोगले।”
संयमी ने बताया कि सही योजना और अनुशासन के साथ कई जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाया जा सकता है। “आईपीएल के साथ मैंने अपनी दो फिल्मों की शूटिंग पूरी कर ली है और मैं अपने तीसरे आयरनमैन के लिए भी तैयारी कर रही हूं। मेरा प्रयास है कि फिल्मों, खेल और यात्रा के बीच संतुलन बनाए रखूं,” उन्होंने अंत में कहा, “मेरे लिए सिनेमा और खेल दोनों ही कहानी कहने के माध्यम हैं। दोनों में भावनाएं, अनिश्चितता और मानवीय जज्बा होता है। चाहे मैं फिल्म सेट पर हूं या किसी मैच पर चर्चा कर रही हूं, मैं कहानियों से जुड़ी रहती हूं। अगर मैं दोनों जगह ईमानदारी से काम कर सकूं, तो यही मेरे लिए सबसे बड़ी सफलता है।”
संयमी खेर का यह नया कदम उनके बहुआयामी व्यक्तित्व को दर्शाता है, जहां जुनून, अनुशासन और नए अनुभवों को अपनाने का साहस साफ नजर आता है। फिल्मों की बात करें तो संयमी जल्द ही अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगी। इसके अलावा वह निर्देशक विक्रम फडनिस की एक अनटाइटल्ड फिल्म में विनीत कुमार सिंह और ताहिर राज भसीन के साथ भी दिखाई देंगी।
