आए दिन करता था महिला को परेशान
भाजपा के ‘बेटी बचाओ’ नारे की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। `नारी सम्मान’ की बात करने वाले भाजपाइयों पर ही अब महिलाओं से छेड़छाड़ के आरोप लगने लगे हैं। ऐसा ही एक चौंकानेवाला मामला उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आया है, जहां भाजपा नेता ईशान सक्सेना लंबे समय से एक महिला का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था, आखिरकार उसकी हरकतें उसे सलाखों के पीछे ले गईं। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे एक बार फिर सत्ता और महिलाओं की सुरक्षा के दावों के बीच का विरोधाभास उजागर हो गया है।
प्रेमनगर थाने में एक महिला ने सोमवार को कर्मचारीनगर निवासी भाजपा नेता ईशान सक्सेना उर्फ ईशू के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई। आरोप लगाया कि ईशान सक्सेना रास्ते में रोककर उनसे छेड़छाड़ करता है और विरोध करने पर रंगदारी मांगता है। लंबे समय से वह उन्हें परेशान कर रहा है। इस पर पुलिस ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। पूछताछ में ईशान ने बताया कि वह मेडिकल स्टोर संचालित करता है। महिला अपने बेटे के लिए इंसुलिन की दवा लेने आती थी, तभी से संपर्क में आई थी। इसके बाद वह उसे पसंद करने लगा।
आरोपी बोला, गलती हो गई
३० अप्रैल को महिला अपने बेटे को स्कूल छोड़कर आ रही थी तो उसने गाड़ी आगे लगाकर रोक लिया। उसने अपनी गलती मानते हुए पुलिस से माफी भी मांगी। इसके अलावा कोतवाली पुलिस ने भोजीपुरा मॉर्डन विलेज दोहना निवासी पवित्र तोमर को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वह बरेली कॉलेज गेट के पास खड़ा होकर छात्राओं एवं महिलाओं से छेड़छाड़ कर रहा था।
