मुख्यपृष्ठस्तंभस्कैम्स एंड स्कैंडल्स: फोन में रिकॉर्ड हुआ ‘टाइम बम' का ट्रिगर!

स्कैम्स एंड स्कैंडल्स: फोन में रिकॉर्ड हुआ ‘टाइम बम’ का ट्रिगर!

(बुंगा बुंगा-१)

श्रीकिशोर शाही

२७ मई २०१० की एक खामोश रात थी। इटली के चर्चित मिलान शहर का मुख्य पुलिस स्टेशन रोजमर्रा की तरह अपनी उबाऊ ड्यूटी में व्यस्त था। तभी एक १७ साल की खूबसूरत मोरक्कन लड़की को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर वहां लाया गया। उस लड़की का नाम था, करीमा अल-मरोग, पुलिस अधिकारी अभी अपनी सामान्य कागजी कार्रवाई कर ही रहे थे कि अचानक पुलिस स्टेशन का एक विशेष फोन घनघना उठा। लाइन के दूसरी तरफ कोई आम आदमी नहीं था। वह आवाज खुद इटली के सबसे ताकतवर इंसान, सबसे बड़े अरबपति और देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री, सिल्वियो बर्लुस्कोनी की थी।
पीएम का फोन आने के बाद पुलिस स्टेशन में हड़कंप मच गया। फोन भी उस लड़की को छुड़ाने के लिए। पुलिसवाले खुद अचंभित थे कि एक प्रधानमंत्री आधी रात को एक मामूली टीनएजर चोर लड़की को छुड़ाने के लिए सीधे पुलिस स्टेशन फोन क्यों कर रहा था?
पीएम बर्लुस्कोनी ने फोन पर घबराए हुए पुलिस अधिकारियों पर भारी दबाव डाला और सत्ता के नशे में एक ऐसा सफेद झूठ बोला, जिसने पूरी व्यवस्था को हिला दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़की मिस्र के तत्कालीन राष्ट्रपति होस्नी मुबारक की भतीजी है। ‘इसे तुरंत बिना किसी कागजी कार्रवाई के छोड़ दो, वरना दोनों देशों के बीच एक भयंकर अंतर्राष्ट्रीय बवाल मच जाएगा।’ अब प्रधानमंत्री के इस सीधे आदेश को ना कहने की हिम्मत भला किस पुलिसवाले में थी? पुलिस ने सत्ता के दबाव में आकर उस लड़की को रात के अंधेरे में छोड़ तो दिया, लेकिन उस एक फोन कॉल की रिकॉर्डिंग ने इटली की राजनीति में एक ऐसे ‘टाइम बम’ का ट्रिगर दबा दिया था, जिसे फटने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती थी।
आखिर उस १७ साल की नाबालिग लड़की के सीने में ऐसा कौन सा राज दफन था, जिससे इटली का अजेय प्रधानमंत्री इतना खौफ खा रहा था? बाद में पता चला कि वह कोई मामूली लड़की नहीं थी बल्कि रात की हाई सोसाइटी में वह रूबी के नाम से मशहूर थी और इटली के प्रधानमंत्री की उन अति-गुप्त और अय्याश महफिलों का सबसे अहम हिस्सा थी, जिन्हें बंद दरवाजों के पीछे ‘बुंगा बुंगा’ कहा जाता था।
(शेष अगले अंक में)

अन्य समाचार