सामना संवाददाता / राजस्थान
राजस्थान के झुंझुनू जिले में एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जयपुर रेफर किया गया है। युवक अपनी पत्नी को एग्जाम दिलाने जा रहा था। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसा झुंझुनू शहर के कोतवाली थाना इलाके में गोलाई मोड़ पंचदेव मंदिर के आगे इंडाली बाइपास पर बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे हुआ।
कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि हादसे में पूजा मेघवाल (24) की मौत हो गई, जबकि मनजीत मेघवाल (29) की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार पूजा झुंझुनू के राजस्थान कॉलेज से बीएड कर रही थी। बुधवार को उसका एग्जाम था। सुबह वह पति मनजीत के साथ सोलाना से निकली थी। दोनों स्कूटी पर सवार थे। इसी दौरान इंडाली गेट के पास गोलाई मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।
अचानक सामने से आए डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। डंपर पूजा के कमर से ऊपर के हिस्से को कुचलते हुए निकल गया, जबकि युवक उछलकर दूर जा गिरा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मिले मोबाइल से युवक के घर फोन कर हादसे की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि पूजा एग्जाम के चलते अपने तीन महीने के मासूम बेटे को घर पर छोड़कर गई थी। मनजीत के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। घर पर बच्चे के साथ उसकी मां थी। मनजीत की दो बहनों की शादी हो चुकी है। मनजीत पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है।
हादसे के बाद मेघवाल समाज के लोग बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर इकट्ठा हो गए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया।
