-`२ करोड़ ४० लाख का हुआ लेन-देन, परिवार का दावा, ‘हमें कुछ पता नहीं’
-रुपाली की बहन प्रतिभा और बेटे तन्मय चाकणकर से ८ घंटे की कड़ी पूछताछ
सुनील ओसवाल / मुंबई
भोंदू अशोक खरात के कथित फर्जी खातों के जाल में अब बड़े नाम जुड़ने से मामला और विस्फोटक हो गया है। समता पतसंस्था में रुपाली चाकणकर परिवार से जुड़े ४ फर्जी खाते सामने आए हैं। रुपाली की बहन प्रतिभा चाकणकर और उनके बेटे तन्मय चाकणकर से शिर्डी पुलिस ने लगातार ८ घंटे तक गहन पूछताछ की, जिसमें कई चौंकाने वाली बातें सामने आर्इं।
पूछताछ के दौरान दोनों ने साफ शब्दों में कहा, ‘न हमने खाता खोला, न कभी बैंक गए, न एक रुपया जमा किया, न निकाला, लेकिन कागज हमारे ही हैं।’ यानी मामला सीधे-सीधे पहचान के दुरुपयोग और बड़े वित्तीय फर्जीवाड़े की ओर इशारा कर रहा है।
जांच में सामने आया है कि राहाता की समता पतसंस्था में ५७ लोगों के नाम पर १०० खाते खोले गए, जिनमें हर खाते का नॉमिनी अशोक खरात ही था। इतना ही नहीं, सभी खातों से जुड़ा मोबाइल नंबर भी उसी का इस्तेमाल किया गया। चाकणकर परिवार के नाम पर खुले चार खातों में करीब २ करोड़ ४० लाख रुपए का भारी लेन-देन हुआ, लेकिन परिवार का दावा है कि उन्हें इस पूरे लेन-देन की कोई जानकारी ही नहीं है। पुलिस की जांच में अब तक जिन लोगों से पूछताछ हुई है, लगभग सभी ने एक ही बात कही, ‘खाता हमारे नाम पर है, लेकिन हमने नहीं खोला।’
देवदर्शन के बहाने लिए दस्तावेज
कई लोगों के दस्तावेज ‘देवदर्शन’ या अन्य बहानों से इकट्ठा किए गए और उन्हीं के आधार पर खाते खोले गए। इन खातों के जरिए करोड़ों रुपए का लेन-देन किया गया। इस मामले में पुलिस ने अशोक खरात और समता बैंक के मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही बाकी खाताधारकों से भी पूछताछ जारी है। हर नए खुलासे के साथ यह मामला और गहराता जा रहा है।
