राजेश सरकार / प्रयागराज
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मंगलवार को प्रयागराज में थे और उनके आगमन से पहले एसएससी-जीडी भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा के दौरान सर्वर फेल होने पर भारी हंगामा, तोड़फोड़ और नारेबाजी की। परीक्षा केंद्र में रखे कंप्यूटर और कुर्सियां उनके गुस्से का शिकार हुईं। इसके बाद परीक्षार्थियों ने प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद उग्र छात्रों को शांत कराया और जाम खत्म करवाया। बवाल को देखते हुए मंगलवार की परीक्षा रद्द कर दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज के सरायइनायत क्षेत्र में अंदावा के एक महाविद्यालय में तीन पालियों में परीक्षा होनी थी। पहली पाली की परीक्षा तय समय पर शुरू हुई। परीक्षा शुरू होते ही कंप्यूटर का सर्वर डाउन हो गया। इस पर परीक्षार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। भारी हंगामा, तोड़फोड़ और बवाल के बाद मंगलवार की परीक्षा रद्द कर दी गई।
घटना को लेकर सराय इनायत प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कई कंप्यूटर और क्लासरूम के फर्नीचर को नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। तोड़फोड़ करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टेक्नीशियन दल को बुलाकर सर्वर की समस्या हल करने और परीक्षा शेड्यूल को पुनर्निर्धारित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर एसएससी के अधिकारी ने बताया कि परीक्षा में तकनीकी खराबी के चलते हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट शिक्षा विभाग और संबंधित परीक्षा प्राधिकरण को भेजी जाएगी। साथ ही परीक्षा की नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी।
गौरतलब है कि सोमवार को भी इसी महाविद्यालय के आई टेक जोन परीक्षा केंद्र पर हंगामा हुआ था। एसएससी अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, एसएससी मध्य क्षेत्र ने परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी बेंगलुरु स्थित एक फर्म को दी थी।
