मुख्यपृष्ठटॉप समाचारआतंकियों के टारगेट पर देश के कई शहर... मुंबई को दहलाने की...

आतंकियों के टारगेट पर देश के कई शहर… मुंबई को दहलाने की थी साजिश!.. दिल्ली पुलिस ने दबोचे ९ आतंकी

– भारी मात्रा में हथियार बरामद

-पाकिस्तानी आकाओं से लेते थे निर्देश

– अंडरवर्ल्ड की भूमिका की भी जांच शुरू

सामना संवाददाता / मुंबई

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दहलाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस ने कल ९ आतंकियों को हथियारों के साथ पकड़ा है। ये आतंकी किसी खतरनाक योजना को अंजाम पर पहुंचाने में लगे थे। मुंबई के अलावा दिल्ली समेत देश के कुछ अन्य शहर भी इनके टारगेट पर थे।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस बड़े आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन आरोपियों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को सीमा पार बैठे हैंडलर्स से निर्देश मिल रहे थे। उन्हें महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और सुरक्षा बलों के जवानों को निशाना बनाकर हमले करने का जिम्मा सौंपा गया था, ताकि देश में दहशत पैâलाई जा सके और सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा सके। खुफिया जानकारी मिलने के बाद स्पेशल सेल ने अभियान चलाकर इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया।
खतरनाक हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद सामान में अत्याधुनिक पिस्टल, ग्रेनेड और अन्य संदिग्ध सामग्री शामिल है, जिनका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में किया जाना था।
कई राज्यों से जुड़े आरोपी
गिरफ्तार किए गए लोग दिल्ली, महाराष्ट्र और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से संबंध रखते हैं। इनमें कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल उनकी पहचान और राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है।
पाकिस्तानी भट्टी नेटवर्क से आतंकियों के संपर्क!
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जिन आतंकियों को पकड़ा है, उनसे पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। इन आतंकियों को कई शहरों से खुफिया एजेंसियों की मदद से पकड़ा गया। इनमें पुणे, छतरपुर, साहिबगंज आदि शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े शहजाद भट्टी नेटवर्क के संपर्क में थे।
जांच एजेंसियां आरोपियों के मुंबई अंडरवर्ल्ड से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क ने पैसे जुटाने, हथियारों की व्यवस्था करने और आरोपियों की आवाजाही के लिए आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल किया हो सकता है।
अधिकारियों ने इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि इससे एक संभावित आतंकी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। गिरफ्तारियों के बाद संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि खुफिया एजेंसियां नेटवर्क के दायरे और उसके सीमा पार संबंधों का आकलन करने में जुटी हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

अन्य समाचार