योगेश कुमार सोनी / दिल्ली
शाहदरा जिला पुलिस ने जीटीबी अस्पताल से अगवा किए गए छह माह के मासूम बच्चे को मात्र 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में 45 वर्षीय महिला बॉबी उर्फ कंचन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला हत्या और अपहरण के एक पुराने मामले में उम्रकैद की सजा पा चुकी है तथा पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद से फरार चल रही थी।
31 मई 2026 को सीलमपुर निवासी एक महिला ने जीटीबी एन्क्लेव थाने में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ दिन पहले एक महिला उनके घर आई थी और स्वयं को बच्चों का टीकाकरण कराने में मदद करने वाली बताकर उनसे परिचय बनाया था। घटना वाले दिन वह महिला दोबारा उनके घर पहुंची और नजरीन को उनके छह माह के बेटे के साथ टीकाकरण के लिए जीटीबी अस्पताल ले गई।
पीड़िता के अनुसार, अस्पताल की एमसीएच न्यू बिल्डिंग में पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने बच्चे की मां का विश्वास जीत लिया और कुछ फॉर्म भरने के बहाने उसे व्यस्त कर दिया। इसी दौरान वह मासूम बच्चे को लेकर अस्पताल से फरार हो गई।
शिकायत मिलते ही जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी आर.पी. मीणा के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने अस्पताल, मेट्रो स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, कड़ी निगरानी रखी और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों का पता मेट्रो नेटवर्क और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से लगाया गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने शिवाजी पार्क क्षेत्र स्थित एक झुग्गी में दबिश देकर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया तथा आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी शाहदरा आर.पी. मीणा ने कहा, “जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली, हमने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए तीन विशेष टीमों का गठन किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। हमारी टीमों ने 30 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ लिया। मेरी सभी नागरिकों से अपील है कि जो कोई अनजान व्यक्ति आपसे अचानक घुलने-मिलने की कोशिश करे, उससे सावधान रहें और हर स्थिति में अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें।”
संयुक्त पुलिस आयुक्त (ईस्टर्न रेंज) अजीत कुमार सिंगला ने कहा, “पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच, कड़ी निगरानी और कुशल टीमों के समन्वित प्रयासों से बच्चे को 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसकी मां से मिलाया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।”
