सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रवादी सुप्रीमो शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उनकी तबीयत को लेकर किसी तरह की गंभीर चिंता की बात नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बढ़ती उम्र और लगातार जारी राजनीतिक व सामाजिक दौरों को देखते हुए डॉक्टरों ने कुछ नियमित मेडिकल जांच कराने की सलाह दी थी। इसी के तहत शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती किया गया है। सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है और सभी जांच सामान्य प्रक्रिया के तहत की जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। इस बीच पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक चिंता न करें।
