मुख्यपृष्ठअपराधपति को तड़पा-तड़पाकर मारती रही और प्रेमी संग रोमांस करती रही...अस्पताल में...

पति को तड़पा-तड़पाकर मारती रही और प्रेमी संग रोमांस करती रही…अस्पताल में शव के साथ बैठकर चिल्ला-चिल्लाकर रोती रही!

-पत्नी, प्रेमी, बहन और उसका प्रेमी गिरफ्तार

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

मुरादाबाद में पवन ठाकुर हत्याकांड में ऐसा रूह कंपा देने वाला खुलासा हुआ है, जहां पत्नी आंचल ने अपनी ही बहन शिखा और प्रेमी भतीजे अंकित व बहन के प्रेमी अजय दिवाकर के साथ पति की निर्मम हत्या कर दी। पहले पति को बिजली के करंट से तड़पाया, फिर उसी के सामने प्रेमी संग रोमांस किया। जब उससे भी जी नहीं भरा, तो पीटा और फिर जहरीला पदार्थ भी पिला दिया। फिर उसके बाद करंट-दर-करंट तब तक देती रही, जब तक पति की मौत नहीं हो गयी। बताते हैं कि जब पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को करंट लगा रही थी तो वह छोड़ने का गुहार लगा रहे थे।बेबस युवक के सामने गुहार के अलावा कोई दूसरा रास्ता भी नहीं था, लेकिन भतीजे, साली तो दूर पत्नी का भी कलेजा नहीं पसीजा। आरोपितों ने पवन के सीने, हाथ व तलवों पर करंट लगाया। शरीर पर मिले नौ निशान ने इसकी पुष्टि की।
पवन ठाकुर को पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी करीब एक साल पहले लग गई थी। उसे पता था कि पत्नी का प्रेमी प्रसंग भतीजे से चल रहा है। उसने कई बार मना किया, लेकिन आंचल पति की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी। कई बार धमकी दी। इसके बाद पवन ठाकुर अपनी जान बचाने के लिए पत्नी का प्रेम प्रसंग भी बर्दाश्त करते रहे। उन्हें कुछ माह पहले यह अहसास हो गया था कि मेरी पत्नी मेरी हत्या करा सकती है। इसी के चलते पवन ठाकुर ने अपनी बहनों से बता दिया था कि तुम्हारा भाई कायर नहीं है। इसलिए अगर कभी मेरी मौत हो जाए तो यह मत समझ लेना कि मैंने खुदकुशी कर ली है। जब भी मेरी मौत होगी तो हत्या ही होगी। हालांकि, पवन ने कभी यह नहीं बताया कि मेरी हत्या पत्नी ही करा सकती है। पुलिस जांच में सामने आया है कि चारों आरोपितों ने मिलकर जैसे ही पवन घर पहुंचे तो चारपाई से हाथ पैर बांध दिए। इसी बीच पहले से ही लाया गया केबल से करंट लगाना शुरू किया। पुलिस के अनुसार, करंट के करीब नौ बार झटके दिए गए। हाथ, पैर, कंधा और सीने पर करंट लगाया। झटके देने के बाद भी जब पवन की सांसें नहीं थमी तो पानी में जहरीला पदार्थ मिलाया और जबरन पिला दिया। मुंह से ग्लास तब तक नहीं हटाया, जब तक पूरा जहर नहीं पी गए।
पति की थमती सांसों के बीच मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ रोमांस करना भी शुरू कर दिया। यह जानकारी जब पुलिस को लगी तो पुलिसकर्मी भी सुनकर दंग रह गए। पवन ठाकुर अपने घर करीब आठ बजे पहुंचे। उस समय पत्नी आंचल, इसका प्रेमी अंकित, बहन शिखा और उसका प्रेमी अजय घर में मौजूद थे। जैसे ही पवन ने घर में प्रवेश किया तो उन्हें पकड़ लिया और पिटाई करनी शुरू कर दी। प्रताड़ना का दौर रात करीब आठ बजे शुरू हो गया था। आंधी रात तक करंट, जहरीला पदार्थ और मारपीट से उनकी सांसें थम गई। इसके बाद भी चारों आरोपित घर में रहे, लेकिन जब मृतक की पत्नी आंचल ने रिश्तेदारों को फोन करके पति की तबीयत खराब होने की जानकारी दी गई तो दोनों बहनों की प्रेमी घर से निकल गए। इसके बाद वह अपने-अपने घर पहुंचे। उन्हें लगा कि हम अपनी योजना में कामयाब हो गए हैं। ऐसे में आरोपित अपने-अपने घरों में भी नहीं भागे और पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस को जिला अस्पताल से जानकारी मिली की एक युवक का शव है। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंच गई। शव के बराबर में बैठकर आरोपित पत्नी आंसू बहा रही थी। मृतक की साली भी वहीं थी। पुलिस ने शव को देखा तो चोट के निशान थे। ऐसे में पुलिस समझ गई कि यह हत्या है, लेकिन पुलिस के पास कोई साक्ष्य नहीं होने के चलते सीधा हाथ नहीं डाला। पोस्टमार्टम कराया। तुरंत ही पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में पता किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के माध्यम से पुलिस को जानकारी हुई कि मृतक के शरीर पर चोट के नौ निशान हैं। बिजली का करंट भी लगा है। इसके बाद पुलिस ने मृतक की बहनों से बात की तो प्रेम प्रसंग की जानकारी हो गई। पुलिस ने तुरंत मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार किया और अन्य आरोपितों के नाम भी बता दिए। जैसे ही पुलिस ने आरोपित आंचल को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की तो आरोपित बोली कि साहब मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। इससे अच्छा तो प्रेमी के साथ भाग ही जाती, लेकिन मैंने पति की हत्या कर गलत किया है। इसके अलावा भी पुलिस ने कई सवाल उससे किए। उधर प्रेमी ने पुलिस से बताया कि साहब इसने कई बार पवन को मारने के लिए कहा, तब जाकर मैंने हत्या की।

अन्य समाचार