श्रद्धा कपूर आज इंडस्ट्री की सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं, लेकिन उनका सफर भी कई दिलचस्प अनुभवों से भरा रहा है। बहुत कम लोग जानते हैं कि एक्टिंग में आने से पहले उन्होंने कॉफी शॉप में काम किया था। एक्ट्रेस ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के जमनाबाई नरसी स्कूल से की। इसी स्कूल में टाइगर श्रॉफ और अथिया शेट्टी उनके सहपाठी थे। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया। पढ़ाई के दौरान उन्होंने अपने जेब खर्च के लिए एक कॉफी शॉप में काम किया। इस अनुभव ने उन्हें मेहनत और सादगी का महत्व समझाया, जो आज भी उन्हें जमीन से जुड़े रहने में मदद करता है। दिलचस्प बात यह है कि श्रद्धा को केवल १६ साल की उम्र में फिल्मों का ऑफर मिल गया था। सलमान खान ने उन्हें एक नाटक में अभिनय करते देखा और फिल्म ‘लकी: नो टाइम फॉर लव’ का प्रस्ताव दिया। हालांकि, श्रद्धा ने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया।
